हड्डी रोग से लेकर बाल एवं स्त्री रोग विशेषज्ञों ने दी सेवाएं, मरीजों को जांच के साथ बांटी गईं निःशुल्क दवाइयां
।तिल्दा-खरोरा।
ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन ने सराहनीय पहल करते हुए ग्राम मोहरेंगा में मेगा मल्टी स्पेशलिटी हेल्थ कैंप का आयोजन किया। अदाणी पॉवर लिमिटेड, रायपुर के सामाजिक सरोकारों के तहत आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही मरीजों को जरूरी दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं। शिविर में कुल 375 ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ ग्राम सरपंच श्रीमती श्यामा बाई धीवर, जनपद सभापति श्री लेखूराम सेन, उपसरपंच श्री कृष्णा कुर्रे, ग्राम सभा अध्यक्ष श्री थनवर सिन्हा, पंच श्री दुरेंद्र धीवर, श्रीमती रुखमणी साहू एवं श्रीमती चेतना वर्मा की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान ग्राम संगठन अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला गिलहरे, सचिव श्रीमती काली धीवर, युवा अध्यक्ष श्री राकेश साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं अदाणी फाउंडेशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में हड्डी रोग, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी तथा जनरल मेडिसिन के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉक्टरों ने मरीजों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जांच कर उन्हें उचित उपचार एवं जरूरी चिकित्सकीय सलाह दी। जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों को अपने ही गांव में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और उपचार की सुविधा मिलने से काफी राहत मिली। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी बताया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। ऐसे स्वास्थ्य शिविरों से जरूरतमंद लोगों को घर के नजदीक ही बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलती है और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
अदाणी फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने बताया कि संस्था ग्रामीण समुदाय के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए निरंतर इस तरह के आयोजन कर रही है। इसके अतिरिक्त अदाणी पॉवर लिमिटेड द्वारा आसपास के गांवों में शिक्षा, आजीविका संवर्धन और बुनियादी संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न सामाजिक कार्य भी संचालित किए जा रहे हैं।

