एटीआर के रास्ते जंगल से पहुंचा हाथियों का झुंड, वन विभाग अलर्ट; आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को किया जा रहा सतर्क
कवर्धा। कबीरधाम जिले में वन्यजीवों की आवाजाही से ग्रामीणों की चिंता बढ़ती जा रही है। कवर्धा क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी के बीच अब चार हाथियों के दल ने दस्तक देकर वन विभाग की सतर्कता बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, हाथियों का यह दल अचानक कोदवागोडान खार क्षेत्र में पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि हाथियों का झुंड अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) की ओर से जंगल के रास्ते यहां पहुंचा है।
चार हाथियों के दल की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। वहीं, संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है। ग्रामीणों को हाथियों से दूरी बनाए रखने और जंगल तथा खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की समझाइश दी जा रही है।
जंगल से गांवों की ओर वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ी
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से कवर्धा और आसपास के वन क्षेत्रों में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर भी वन विभाग सतर्क है। अब हाथियों के दल की दस्तक से वन विभाग के सामने एक और चुनौती खड़ी हो गई है।
फिलहाल वन विभाग की टीम हाथियों की लोकेशन पर नजर बनाए हुए है। हाथियों का दल किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर भी निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगाएं, उनके करीब जाने या उन्हें भगाने की कोशिश बिल्कुल न करें।हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की जरूरत है।

