Homeछत्तीसगढ़कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े 76 प्रशिक्षु, बैकुंठ में 34वें...

कौशल विकास से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े 76 प्रशिक्षु, बैकुंठ में 34वें दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन

1992 से युवाओं को हुनरमंद बना रहा व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, अब तक 2362 लोगों को दे चुका है प्रशिक्षण

तिल्दा-नेवरा।युवाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने के उद्देश्य से अल्ट्राटेक कम्युनिटी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा संचालित व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, बैकुंठ का 34वां दीक्षांत समारोह स्टाफ क्लब में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 76 विद्यार्थियों को अंकसूची एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि यशवंत वर्मा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के चेहरों पर अपने प्रशिक्षण की उपलब्धि और भविष्य में आगे बढ़ने का उत्साह साफ नजर आया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि अपने हुनर के दम पर रोजगार और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण पड़ाव भी रहा।

34 बैच के 76 विद्यार्थियों ने हासिल की उपलब्धि

व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र बैकुंठ वर्ष 1992 से निरंतर संचालित है। इस केंद्र के माध्यम से अब तक लगभग 2362 लोगों को प्रशिक्षण देकर हुनरमंद बनाया जा चुका है। वर्तमान सत्र में 77 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि 34वें बैच के 76 विद्यार्थियों ने अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया। समारोह में अतिथियों ने विद्यार्थियों को अंकसूची एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धि का सम्मान किया।

कौशल को आगे बढ़ाकर बनें आत्मनिर्भर

समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपने कौशल का निरंतर विकास करने और बदलते समय के अनुरूप नई तकनीकों एवं कार्यक्षमताओं को सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में व्यावसायिक कौशल युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार भी है।
अतिथियों ने विद्यार्थियों के मानसिक, शारीरिक, बौद्धिक एवं आर्थिक विकास पर जोर देते हुए जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने प्रशिक्षित विद्यार्थियों को अपने हुनर का सदुपयोग कर परिवार, समाज और देश की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का आयोजन एफएच एचआर प्रतीक भटनागर के मार्गदर्शन में किया गया। समारोह का संचालन सीएसआर प्रतिनिधि सोनाली गवारगुर ने किया। इस अवसर पर सीएसआर टीम के दीपेंद्र कुमार मिश्रा, सी.डी. लहरे, मुन्नालाल बर्मन, निरूपा कश्यप, जागृति वर्मा, लोकेश कुमार साहू सहित प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थी एवं अन्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कौशल विकास और व्यावसायिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र का यह प्रयास क्षेत्र में रोजगारोन्मुख शिक्षा को बढ़ावा देने की महत्वपूर्ण पहल है।

समारोह में ग्राम पंचायत कुंदरु के सरपंच यशवंत वर्मा, बहेसर के सरपंच प्रतिनिधि सेवक दास बर्मन, सीजी बोर्ड के प्राचार्य अवधेश पाण्डेय तथा सेंचुरी सीमेंट कॉलेज के प्राचार्य कृष्ण कुमार ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments