महासमुंद/बागबाहरा। बागबाहरा वन परिक्षेत्र के कारीडोंगर जंगल में लकड़ी बीनने गए एक युवक पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। पीछे से आए तेंदुए ने युवक को निशाना बनाया, लेकिन युवक ने हिम्मत दिखाते हुए हाथ में मौजूद कुल्हाड़ी घुमाकर अपनी जान बचाई। कुल्हाड़ी के डर से तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
जानकारी के अनुसार पंडरीपानी निवासी लक्ष्मी चंद यादव दो महिलाओं के साथ कारीडोंगर जंगल के कक्ष क्रमांक 109 में लकड़ी बीनने गया था। इसी दौरान अचानक पीछे से तेंदुआ आया और उस पर हमला कर दिया। तेंदुए को देखकर दोनों महिलाओं ने शोर मचाया। वहीं लक्ष्मी चंद ने तेंदुए से बचने के लिए कुल्हाड़ी घुमाई, जिसके बाद तेंदुआ मौके से भाग निकला।
हमले में लक्ष्मी चंद यादव की बांह और कंधे पर नाखून के निशान आए हैं। घायल युवक को दोनों महिलाओं ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बागबाहरा पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। विभाग की ओर से घायल युवक को तत्काल एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी दी गई है।
बागबाहरा रेंजर नवीन वर्मा ने ग्रामीणों से जंगल में अकेले नहीं जाने और समूह में जाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वन्यजीव सामने आने पर घबराने के बजाय सावधानी बरतें।
तेंदुए के हमले के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से जंगल की ओर न जाएं और जंगल में जाते समय विशेष सतर्कता बरतें।

