कांकेर। सरकारी पद पर बैठकर कारोबारियों से रिश्वत मांगने का एक मामला सामने आया है। कांकेर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने जीएसटी विभाग की अधिकारी अर्चना गिरी के घर दबिश दी है। अधिकारी पर एक व्यवसायी से जीएसटी की राशि कम कराने के एवज में डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है। बताया जा रहा है कि व्यवसायी जैसे ही रिश्वत की रकम अधिकारी के घर छोड़कर बाहर निकला, पहले से निगरानी कर रही ACB की टीम ने तत्काल दबिश दे दी।
शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यवसायी से जीएसटी संबंधी काम में राहत दिलाने और जीएसटी की राशि कम कराने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की मांग किए जाने की शिकायत ACB तक पहुंची थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मामले की पड़ताल की और कार्रवाई की रणनीति तैयार की।
रकम छोड़ते ही पहुंची टीम
बताया जा रहा है कि व्यवसायी अधिकारी के घर रिश्वत की रकम छोड़कर बाहर निकला, तभी ACB की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी। अचानक हुई इस दबिश से इलाके में हलचल मच गई। फिलहाल टीम द्वारा मामले से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद जीएसटी विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है। अब सबकी नजर ACB की आगे की कार्रवाई और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी है।

