सरोरा में ‘संभव स्पोर्ट्स फेस्ट’ का भव्य आयोजन, तिल्दा, सिमगा और धरसींवा क्षेत्र के विद्यालयों ने लिया हिस्सा; सर्वाधिक पदक जीतकर हथबंद विद्यालय बना विजेता
तिल्दा-नेवरा।ग्रामीण अंचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ग्राम सरोरा में अंतरविद्यालयीन खेलकूद प्रतियोगिता ‘संभव स्पोर्ट्स फेस्ट’ का भव्य आयोजन किया गया। संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड, सरोरा एवं रोटरी क्लब रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा, दमखम और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक हासिल कर हथबंद विद्यालय ने संभव चक्र पर अपना कब्जा जमाया।
ग्राम सरोरा के हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस खेल महोत्सव में तिल्दा, सिमगा एवं धरसींवा तहसील के विभिन्न ग्रामीण विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सरोरा, सांकरा, औटगन, परसदा, भुरसुदा, बिलाड़ी, बुंदेली, बिनैका, हथबंद, केसदा, रिगनी, नेवधा, कुंथरेल एवं रैता सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में भाग लेकर खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

हथबंद विद्यालय ने मारी बाजी, जीता संभव चक्र
प्रतियोगिता का सबसे खास आकर्षण विद्यालयों के बीच पदकों को लेकर रही प्रतिस्पर्धा रही। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी खेल क्षमता का प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच हथबंद विद्यालय ने सर्वाधिक पदक जीतकर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया और संभव चक्र अपने नाम किया। इस उपलब्धि से विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों में हर्ष का माहौल रहा।
खेलों से बच्चों का होता है सर्वांगीण विकास : शीतल गोयल
कार्यक्रम में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सीएसआर प्रमुख श्रीमती शीतल गोयल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद भी बेहद आवश्यक है। खेल केवल शारीरिक व्यायाम का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि संभव स्पोर्ट्स फेस्ट का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना, उनकी छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें अपनी क्षमता साबित करने के लिए बेहतर अवसर प्रदान करना है। इस तरह के आयोजनों से बच्चों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और उनमें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।
बृजलाल गोयल की दूरदर्शी सोच को साकार करने की पहल
संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के श्री बृजलाल गोयल की दूरदर्शी सोच को साकार करने के उद्देश्य से कंपनी के अंतर्गत आने वाले ग्रामों के शासकीय विद्यालयों के बीच संभव स्पोर्ट्स फेस्ट की शुरुआत की गई है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। आयोजन ने यह संदेश भी दिया कि प्रतिभा संसाधनों या शहरों की मोहताज नहीं होती, बल्कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी अपनी अलग पहचान बना सकते हैं।
जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग और रोटरी क्लब की रही सहभागिता
कार्यक्रम में सरोरा सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू, सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू, उपसरपंच बसंत सिंह विनोद, हाई स्कूल सरोरा के प्राचार्य संजीव कुमार देवांगन एवं प्रभारी श्री अनिल वर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के खेल प्रभारी उपस्थित रहे।
वहीं रोटरी क्लब रायपुर की ओर से RTN श्वेता साहू, RTN सपना अग्रवाल, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर RTN आलम सिंह रूपरा एवं फर्स्ट लेडी श्रीमती हर्षिता कौर रूपरा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की ओर से महाप्रबंधक एम.जी.के. मूर्ति, चिरंजीत रॉय, धर्मेश कुमार नायक, राजकुमार निषाद, सुश्री नेहा, लक्ष्मी देवांगन, नवीन सिंह, शुभांशु, धनंजय साहू, रोकेश निर्मलकर, जितेंद्र वर्मा एवं किशोर सहित कंपनी के अन्य सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को मिला नया मंच
संभव स्पोर्ट्स फेस्ट केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाकर उनमें खेल भावना, आपसी सहयोग और आगे बढ़ने का उत्साह पैदा किया। लगभग 600 विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन की व्यापकता को दर्शाया। ऐसे आयोजन निश्चित रूप से ग्रामीण अंचल में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और भविष्य के प्रतिभावान खिलाड़ियों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

