Homeछत्तीसगढ़बिलासपुर में सियासी घमासान: CM साय ने कांग्रेस नेताओं को बताया ‘फ्यूज...

बिलासपुर में सियासी घमासान: CM साय ने कांग्रेस नेताओं को बताया ‘फ्यूज बल्ब’, भूपेश बघेल का पलटवार- मुख्यमंत्री करते हैं सूखा नशा!

नक्सलवाद, धान खरीदी और विकास कार्यों को लेकर मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर साधा निशाना, पूर्व CM भूपेश बघेल ने भी तीखे शब्दों में दिया जवाब

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति में एक बार फिर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। बिलासपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस नेताओं पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें ‘फ्यूज बल्ब’ करार दिया। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव में हार का सामना करने के कारण कांग्रेस नेता बौखलाहट में हैं और उनकी बातों में अब कोई वजन नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री के इस बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी पलटवार करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सूखा नशा करते हैं। दोनों नेताओं के बीच बयानबाजी ने प्रदेश की सियासत को गरमा दिया है।

 

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नक्सलवाद के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने का साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज नक्सलवाद के खात्मे के लिए अभियान चलाने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए।

डबल इंजन सरकार ने दिखाया साहस, जवानों को मिला पूरा समर्थन

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद मिला। सरकार और सुरक्षा बलों ने दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ नक्सलवाद के खिलाफ अभियान चलाया। उन्होंने दावा किया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के लोग भी नक्सलवाद से परेशान हो चुके थे और विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते थे। इस लड़ाई में स्थानीय जनता का भी सहयोग मिला, जिसके चलते नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को बड़ी सफलता मिली।

भूपेश बघेल का पलटवार, बोले- मुख्यमंत्री सूखा नशा करते हैं

मुख्यमंत्री के बयान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री इतने बड़े हो गए हैं कि प्रधानमंत्री को आशीर्वाद दे रहे थे। लगता है रात में कुछ लेते हैं, सूखा नशा करते हैं। कभी प्रधानमंत्री के बारे में बोलते हैं तो कभी किसी और के बारे में। भूपेश बघेल के इस बयान के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।

21 क्विंटल धान खरीदी के वादे पर सरकार का बड़ा ऐलान

राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री साय ने किसानों को लेकर भी महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया है। लेकिन खेती की परिस्थितियां हर किसान के लिए एक जैसी नहीं होतीं। कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल धान पैदा नहीं कर पाते और उन्हें 12 से 15 क्विंटल उत्पादन ही मिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पात्र किसानों को उनके वास्तविक उत्पादन के बाद 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक बची हुई अंतर की राशि भी दी जाएगी। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी।

15 क्विंटल धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेंगे 13,839 रुपये

मुख्यमंत्री ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल धान बेचने में सक्षम नहीं है और वह केवल 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल की अंतर राशि भी उसे मिलेगी। इस प्रकार पात्र किसानों को प्रति एकड़ अधिकतम 13,839 रुपये तक की सहायता राशि का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं किसान परिवार से आते हैं और खेती-किसानी की वास्तविक परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं। सरकार का उद्देश्य किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत करना और उन्हें उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना है।

अब रोबोट करेगा कार पार्किंग, एक साथ खड़ी होंगी 80 गाड़ियां

बिलासपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर को एक बड़ी आधुनिक सुविधा की सौगात भी दी। पुराने बस स्टैंड के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया गया। करीब 12.60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी।

इसकी खासियत यह है कि वाहन चालक को केवल भूतल पर अपनी कार खड़ी करके बाहर निकलना होगा। इसके बाद आधुनिक एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोट उसे खाली स्थान पर पार्क कर देगा। वाहन वापस लेने के लिए भी चालक को पार्किंग के भीतर जाने की जरूरत नहीं होगी। तकनीकी सिस्टम कार को स्वयं निकास द्वार तक पहुंचा देगा।

सियासत में सवाल बरकरार: नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय किसे मिलेगा? किसानों को घोषित अंतर राशि का लाभ कब और किस प्रक्रिया से मिलेगा? और मुख्यमंत्री तथा पूर्व मुख्यमंत्री के बीच बढ़त जुबानी जंग का प्रदेश की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा? इन सवालों के बीच बिलासपुर का यह दौरा राजनीतिक और विकास, दोनों लिहाज से चर्चा में आ गया ह

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments