फर्जी खबरें प्रकाशित कर लोगों की छवि खराब करने और वसूली करने का आरोप, आपत्तिजनक तस्वीरें प्रसारित करने के मामले में 6 नवंबर को रायपुर से हुई थी गिरफ्तारी
बिलासपुर। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग और कथित ब्लैकमेलिंग के मामले में गिरफ्तार दीपक टंडन को न्यायालय से बड़ा झटका लगा है। उनकी जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल उन्हें राहत नहीं मिल सकी।
मिली जानकारी के अनुसार, दीपक टंडन पर आरोप है कि वह न्यूज पोर्टल की आड़ में फर्जी और भ्रामक खबरें प्रकाशित कर लोगों की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाता था। इतना ही नहीं, आरोप है कि AI तकनीक के जरिए लोगों की तस्वीरों में छेड़छाड़ कर उन्हें आपत्तिजनक रूप दिया जाता था और फिर ऐसी तस्वीरों के साथ खबरें सोशल मीडिया तथा न्यूज पोर्टल पर प्रसारित की जाती थीं। इन खबरों को हटाने के नाम पर कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग और वसूली की जाती थी।
इस मामले में तिफरा निवासी मणीशंकर पांडेय की शिकायत पर बिलासपुर के सिरगिट्टी थाने में अपराध दर्ज किया गया था। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी की भूमिका सामने आने पर उसकी तलाश की गई।
बताया जाता है कि 6 नवंबर को बिलासपुर पुलिस ने रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट में दबिश देकर दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए थे। पुलिस के अनुसार, डिजिटल सामग्री की जांच में कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी।
अब जमानत याचिका खारिज होने से इस मामले ने एक बार फिर चर्चा पकड़ ली है। फिलहाल पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।
बड़ा सवाल: क्या AI जैसी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किसी की प्रतिष्ठा धूमिल करने और कथित वसूली का हथियार बनाया जा रहा है…डीजिटल पत्रकारिता की विश्वसनीयता और जवाबदेही को लेकर यह मामला कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

