Homeछत्तीसगढ़गोद में मासूम... सामने खूंखार सांड! रायपुर में 15 लोगों पर हमला,...

गोद में मासूम… सामने खूंखार सांड! रायपुर में 15 लोगों पर हमला, बुजुर्ग गंभीर

रायपुर। शहर के डीडी नगर इलाके में एक आक्रामक सांड ने ऐसा आतंक मचाया कि सड़क पर निकलना लोगों के लिए मुश्किल हो गया। सांड ने अलग-अलग इलाकों में करीब 15 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सबसे खौफनाक घटना सेक्टर-2 में हुई, जहां एक बुजुर्ग अपने एक साल के पोते को गोद में लेकर घर के बाहर खड़े थे। अचानक सांड ने उन पर हमला कर दिया। हमले से बुजुर्ग संभल नहीं पाए और जमीन पर गिर पड़े, जबकि गोद में मौजूद मासूम भी सिर के बल नीचे जा गिरा। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सांड के हमले का CCTV वीडियो भी सामने आया है। इसमें सांड बुजुर्ग के पीछे दौड़ता और उन्हें पटकता नजर आ रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घायलों में कांग्रेस नेता कल्पना पटेल भी शामिल हैं, जिन्हें बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पीछे ने सांड ने हमला किया, बच्चा ऊछलकर सिर के बल सड़क पर गिरा।
काउ कैचर से नहीं पकड़ा गया, वन विभाग को बुलाना पड़ा

सांड के लगातार हमले की सूचना मिलते ही नगर निगम जोन क्रमांक-5 की टीम काउ कैचर लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने काफी देर तक सांड को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह काबू में नहीं आया। इसके बाद नगर निगम ने वन विभाग से मदद मांगी।

ट्रैंक्विलाइजर डार्ट से किया गया बेहोश

इसके बाद वन विभाग, जंगल सफारी की टीम और भाठागांव पशु चिकित्सालय के डॉ. दिनेश पटेल मौके पर पहुंचे। टीम ने ट्रैंक्विलाइजर गन से सांड को बेहोशी का इंजेक्शन दिया। सांड के बेहोश होने के बाद उसे सुरक्षित तरीके से काबू में लिया गया और आगे की कार्रवाई के लिए नगर निगम जोन-5 के अधिकारियों को सौंप दिया गया।

सांड के हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज जारी है।
रेबीज की आशंका, दो महीने पहले कुत्ते ने काटा था

गौ सेवकों के मुताबिक, करीब दो महीने पहले इस सांड को कुत्ते ने काट लिया था। इसके बाद से उसके आक्रामक व्यवहार को लेकर रेबीज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, रेबीज संक्रमण की पुष्टि चिकित्सकीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

जानकारी के मुताबिक, सांड ने कंचनगंगा फेस-2, सेक्टर-2 और बंजारी नगर क्षेत्र में करीब 15 लोगों को अपना शिकार बनाया। सेक्टर-2 निवासी देवनारायण शर्मा पर सांड ने पीछे से हमला किया। देवनारायण उस समय अपने एक साल के पोते को गोद में लिए घर के बाहर खड़े थे।

50 बार शिकायत का दावा, फिर भी नहीं सुलझी मवेशियों की समस्या

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि सड़क पर घूमने वाले मवेशियों की समस्या को लेकर पार्षद से करीब 50 बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और आवारा मवेशियों को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से ऐसी घटनाओं का खतरा बना हुआ है।

विकास उपाध्याय ने व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने भाजपा विधायक राजेश मूणत के क्षेत्र में मवेशियों की समस्या को लेकर सवाल उठाते हुए इसे चिंताजनक बताया। यह राजनीतिक आरोप है, जिस पर संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया अलग से सामने आ सकती है।

सांड के काबू में आने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन इस घटना ने शहर में आवारा मवेशियों की समस्या और उनकी वजह से पैदा हो रहे खतरे पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments