दीपोत्सव:: सोने की खरीद में जबरदस्त चमक, बर्तनों में लौटी पीतल-तांबे की दमक ,खूब बिके मोबाइल, टीवी फ्रिज
तेरस पर धन की बारिश ऑटोमोबाइल इलेक्ट्रॉनिक सराफा बर्तन बाजार कपड़ा दुकानों में दिखी भारी भीड़
तिल्दा-नेवरा।दीपोत्सव का आगाज शुक्रवार को धनतेरस के साथ ही तिल्दा-नेवरा में जोरदार खरीदारी के रूप में हुआ। धनतेरस पर बाजारों में मानो धन की बारिश हो गई। सराफा, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन, कपड़ा और फुटवियर सहित लगभग सभी कारोबार में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। व्यापारियों के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की तुलना में कारोबार में करीब 20 से 25 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। सुबह से शुरू हुआ खरीदारी का सिलसिला देर रात तक जारी रहा और शहर के प्रमुख बाजार खरीदारों की भीड़ से गुलजार रहे।

धनतेरस पर सबसे ज्यादा उत्साह सराफा बाजार में देखने को मिला। सोने-चांदी की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी। परंपरा के अनुसार शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के सिक्के खरीदने की मांग बनी रही, लेकिन इस बार ट्रेडिशनल के साथ आधुनिक डिजाइन की गोल्ड और डायमंड ज्वेलरी ने भी ग्राहकों को खूब आकर्षित किया। बीते एक वर्ष में सोने से मिले बेहतर रिटर्न ने भी लोगों का भरोसा बढ़ाया। यही वजह रही कि खरीदार केवल छोटे आइटम तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गहनों और अन्य कीमती आभूषणों की खरीदारी में भी खुलकर खर्च करते नजर आए।
ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार में भी उत्साह
धनतेरस पर ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी अच्छी बिक्री हुई। दोपहिया वाहनों से लेकर चारपहिया वाहनों तक की खरीदारी में पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ोतरी देखने को मिली। कई ग्राहकों ने धनतेरस पर वाहन बुक कराए और उनकी डिलीवरी दीपावली के दिन लेने की तैयारी की। वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान की खरीदारी में लोगों ने खास रुचि दिखाई।
द मोबाइल स्टोर के संचालक मुकेश कोटवानी ने बताया कि इस बार मोबाइल कंपनियों और दुकानों की ओर से आकर्षक ऑफर दिए जा रहे हैं, जिसका फायदा उठाने बड़ी संख्या में ग्राहक खरीदारी के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं मनोरंजन इलेक्ट्रॉनिक्स के संचालक विकास बत्रा ने बताया कि इस धनतेरस पर लैपटॉप की बिक्री काफी अच्छी रही और ग्राहकों में खरीदारी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

कपड़ा और फुटवियर दुकानों में सबसे ज्यादा चहल-पहल
शहर के बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ गारमेंट्स, कपड़ा और जूते-चप्पलों की दुकानों पर देखने को मिली। परिवार के साथ लोग दीपावली की तैयारियों के लिए कपड़े और अन्य जरूरी सामान खरीदते नजर आए। हरीश बूट हाउस के संचालक ने बताया कि धनतेरस पर ग्राहकों की भीड़ और बिक्री को देखते हुए उम्मीद है कि इस बार दीपावली का कारोबार और भी बेहतर रहेगा।
इसी तरह हीरा क्लॉथ और बाबा क्लॉथ की दुकानों में भी ग्राहकों की भारी भीड़ रही। संजय मेंस वियर की ओर से चलाए जा रहे विशेष ऑफर का भी ग्राहकों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। दुकानदारों ने बताया कि त्योहार को देखते हुए ग्राहकों के लिए आकर्षक रेंज और विशेष छूट उपलब्ध कराई गई है।
धनतेरस ने बढ़ाई व्यापारियों की उम्मीदें
कुल मिलाकर धनतेरस ने तिल्दा-नेवरा के व्यापारिक बाजार में नई ऊर्जा भर दी। हर वर्ग के कारोबार में खरीदारों का उत्साह दिखाई दिया। सुबह से देर रात तक दुकानों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। धनतेरस के पहले ही दिन बाजारों में जिस तरह की रौनक और बिक्री देखने को मिली, उसने व्यापारियों के चेहरे खिला दिए हैं। अब कारोबारियों को उम्मीद है कि दीपावली तक खरीदारी का यह उत्साह और बढ़ेगा तथा इस वर्ष त्योहार का सीजन व्यापार के लिहाज से पिछले वर्षों से बेहतर साबित होगा।

