गले पर हथियार से वार के निशान मिलने से हत्या की आशंका, अडभार के हरदीकांटा में नहर किनारे मिला शव
सक्ती। जिले के अडभार थाना क्षेत्र के हरदीकांटा में नहर के पास बुधवार को बोरी में बंद एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के पैर रस्सी से बंधे हुए बताए जा रहे हैं। वहीं मृतक के गले पर हथियार से वार के निशान मिलने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, नहर के पास संदिग्ध अवस्था में बोरी पड़ी होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी को खुलवाया तो उसमें युवक का शव मिला। मृतक के पैर रस्सी से बंधे हुए थे। गले पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। मृतक की पहचान और मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने के बाद रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई तथा शव को बोरी में बंद कर नहर के पास किसने फेंका। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा सकती है।

