पल्सर बाइक और बिक्री की नकदी समेत 45,550 रुपए का सामान जब्त, आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
तिल्दा-नेवरा। अवैध शराब के परिवहन और बिक्री के खिलाफ तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 48 पौवा देशी शराब, एक पल्सर मोटरसाइकिल और शराब बिक्री की रकम समेत कुल 45,550 रुपए की सामग्री जब्त की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बेमता स्थित ताज ढाबा के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तिल्दा-नेवरा पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पुलिस ने पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी सुनील कुमार देवांगन (45), पिता रोशन लाल देवांगन, निवासी वार्ड क्रमांक 13, कंकाली पारा सिमगा, थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के कब्जे से 48 पौवा शोले मसाला देशी मदिरा बरामद की। जब्त शराब की कीमत करीब 4,800 रुपए बताई गई है।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 22 X 8177, जिसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए, तथा शराब बिक्री से प्राप्त 750 रुपए नगद भी जब्त किए। इस तरह जब्त सामग्री की कुल कीमत 45,550 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर दाखिल कराया गया। थाना प्रभारी तिल्दा-नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक पी.आर. साहू, प्रधान आरक्षक 1031 जालम सिंह साहू तथा आरक्षक बलराम निराला की टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी

