समझाइश के बाद भी मारपीट पर उतारू थे, पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय में किया पेश
तिल्दा-नेवरा। गणेश पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सार्वजनिक स्थान पर विवाद और लड़ाई-झगड़ा कर अशांति फैलाने वाले चार असामाजिक तत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने संबंधित लोगों को समझाइश देकर विवाद समाप्त करने के लिए कहा, लेकिन पुलिस के अनुसार वे अत्यधिक उग्र होकर मारपीट करने पर उतारू हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार लोगों को प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए लोगों में कैलाश यदु (20), निवासी वार्ड क्रमांक 20 तिल्दा, हिमांशु उर्फ प्रिंस यादव (19), निवासी वार्ड क्रमांक 20 बजरंग चौक तिल्दा बस्ती, करण कुमार छेदैय्या (19), निवासी वार्ड क्रमांक 2 सासाहोली तथा राजेश कुमार वर्मा (26), निवासी ग्राम बोइरझिटी शामिल हैं।
पुलिस ने चारों को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
त्यौहार में हुड़दंग करने वालों को चेतावनी
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने कहा है कि गणेश पर्व और आगामी त्यौहारों के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थान पर अशांति फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

