Homeछत्तीसगढ़कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 407 किलो...

कंटेनर के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहे थे 407 किलो गांजा, कवर्धा में अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा खुलासा

ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक फैला था तस्करी का रास्ता, चिल्फी पुलिस ने NH-30 पर पकड़ा कंटेनर, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार, 2.29 करोड़ रुपये से अधिक का मशरूका जब्त

कवर्धा। नशे के अवैध कारोबार में शामिल तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए किस तरह नए-नए तरीके अपना रहे हैं, इसका खुलासा कबीरधाम जिले में हुआ है। यहां तस्करों ने गांजे की बड़ी खेप को कंटेनर ट्रक में बने विशेष गुप्त चेंबर में छिपा रखा था। बाहर से सामान्य नजर आने वाले इस कंटेनर की जब चिल्फी पुलिस ने तलाशी ली तो अंदर छिपा नशे का बड़ा कारोबार सामने आ गया। पुलिस ने कंटेनर से 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद करते हुए उत्तर प्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

ड्राइवर सीट के ऊपर बनाया था गुप्त चेंबर

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को चिल्फी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर रायपुर, कवर्धा और चिल्फी के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चिल्फी थाना के सामने नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई। तलाशी के दौरान पुलिस को ट्रक की ड्राइवर सीट के ऊपर विशेष रूप से बनाया गया गोपनीय चेंबर दिखाई दिया। जब इस चेंबर को खोलकर जांच की गई तो पुलिस भी हैरान रह गई। अंदर खाकी रंग के टेप से लिपटे गांजे के 192 पैकेट छिपाकर रखे गए थे। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर कुल 407 किलो 330 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

ओडिशा से भरवाई थी गांजे की खेप

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं। आरोपियों ने बताया कि वे 17 नवंबर को अलीगढ़ से कंटेनर लेकर निकले थे और 21 नवंबर को ओडिशा के सुनकी घाटी में कंटेनर के गुप्त चेंबर में गांजे की खेप भरवाई गई थी। इसके बाद वे इस खेप को लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। लेकिन चिल्फी पुलिस की मुस्तैदी के चलते उनका रास्ता कवर्धा में ही रुक गया।

2.29 करोड़ रुपये से अधिक का सामान जब्त

पुलिस ने बरामद 407 किलो 330 ग्राम गांजे की कीमत लगभग 2 करोड़ 3 लाख 66 हजार 500 रुपये आंकी है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर ट्रक की कीमत 26 लाख रुपये और मोबाइल फोन की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह पुलिस ने कुल 2 करोड़ 29 लाख 76 हजार 500 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजू यादव (27) और विकास यादव (26), दोनों निवासी ग्राम मुड़िया खेड़ा, तहसील अतरौली, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

तस्करी के नेटवर्क की तलाश जारी

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब गांजे की सप्लाई करने वाले लोगों, इसके पीछे सक्रिय नेटवर्क और पूरे तस्करी कारोबार से जुड़े अन्य चेहरों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ओडिशा से गांजे की खेप किसके माध्यम से भेजी जा रही थी और उत्तर प्रदेश में इसकी सप्लाई कहां होनी थी।

कबीरधाम पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई में चिल्फी पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments