Homeछत्तीसगढ़देवउठनी एकादशी पर घर-घर गूंजे मंगलगीत, तुलसी-शालिग्राम विवाह की धूम

देवउठनी एकादशी पर घर-घर गूंजे मंगलगीत, तुलसी-शालिग्राम विवाह की धूम

चार माह की योगनिद्रा से जागे भगवान विष्णु, मंदिरों में अभिषेक-पूजन तो शाम को सजे विवाह मंडप

तिल्दा-नेवरा। चार माह के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागे तो धर्मनगरी तिल्दा-नेवरा आसपास के गावो में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। सुबह मंदिरों में घंटे-घड़ियाल गूंजे, शंखनाद हुआ और ‘उठो देव, उठो देव’ के जयकारों के बीच भगवान विष्णु को जगाया गया। वहीं शाम होते ही घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह की रस्मों ने माहौल को मांगलिक रंग में रंग दिया। कहीं मंगलगीत गूंजे तो कहीं आतिशबाजी के बीच श्रद्धालुओं ने देवउठनी एकादशी का पर्व धूमधाम से मनाया।

देवउठनी एकादशी के अवसर पर सुबह से ही शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की आवाजाही रही। भगवान विष्णु का अभिषेक कर विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की गई। जगदीश मंदिर, वेंकटेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में धार्मिक आयोजन हुए। शाम को तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया। घर-घर तुलसी चौरा सजाया गया, विवाह मंडप तैयार हुए और महिलाओं ने मंगलगीत गाकर इस पावन परंपरा को जीवंत किया।

धार्मिक मान्यता के अनुसार देवशयनी एकादशी से भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है। देवउठनी एकादशी पर उनके जागने के साथ ही विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है। इसी कारण इस पर्व का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है।

दो दिन पर्व मनाने से बनी असमंजस की स्थिति

इस बार देवउठनी एकादशी का पर्व दो दिन मनाए जाने के कारण लोगों में तिथि और व्रत को लेकर असमंजस की स्थिति भी देखने को मिली। अधिकांश स्थानों पर शुक्रवार को तुलसी-शालिग्राम विवाह के आयोजन हुए, जबकि कई घरों में शनिवार को भी देवउठनी एकादशी मनाई गई। अनेक श्रद्धालुओं ने शनिवार को एकादशी का व्रत रखा। पंडितों के अनुसार शनिवार को एकादशी व्रत रखना श्रेष्ठ माना गया। तिथि को लेकर अलग-अलग मान्यताओं के बावजूद श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा।

देवउठनी एकादशी के साथ ही अब मांगलिक आयोजनों का सिलसिला भी शुरू हो गया है। चार माह बाद फिर से शहनाइयां गूंजने और विवाह समारोहों की रौनक लौटने का इंतजार खत्म हो गया है

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments