तिल्दा-नेवरा। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुक्रवार तड़के तिल्दा नेवरा में भक्ति और श्रद्धा का अनूठा नजारा देखने को मिला। अमृतवेला परिवार द्वारा बाबा गुरमुख दास दरबार से सुबह 4 बजे भव्य प्रभात फेरी एवं शोभायात्रा निकाली गई। सैकड़ों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे शामिल हुए। ‘धन गुरु नानक, सारा जग तारिया’ के जयघोष और भजन-कीर्तन से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।
अलसुबह चार बजे से पहले ही अमृतवेला परिवार की महिलाएं सफेद वस्त्र धारण कर बाबा गुरमुख दास दरबार पहुंच गई थीं। अमृतवेला परिवार के प्रमुख दीपक निहचलनी के नेतृत्व में गुरु नानक देव जी की भव्य सवारी निकाली गई। आकर्षक ढंग से सजाए गए रथ में पवित्र गुरु ग्रंथ साहिब को विराजित किया गया था। रथ के आगे घोड़ों पर सवार श्रद्धालु हाथों में सिख धर्म का ध्वज लेकर गुरु नानक देव जी के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

वहीं सफेद सलवार-कुर्ता और साड़ी पहने महिलाएं कतारबद्ध होकर भजन-कीर्तन करती हुई चल रही थीं। गुरु सवारी के आगे श्रद्धालु सड़क पर जल का छिड़काव करते हुए मार्ग को स्वच्छ कर रहे थे। शोभायात्रा में पंज प्यारे पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में कृपाण धारण कर चल रहे थे, जो आकर्षण का विशेष केंद्र रहे।
शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर शोभायात्रा का श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर आतिशबाजी कर पुष्पवर्षा की गई तथा प्रसाद स्वरूप फल, बिस्किट और पोहा का वितरण किया गया। बाबा गुरमुख दास दरबार से प्रारंभ हुई प्रभात फेरी गायत्री मंदिर, अग्रसेन चौक, गुरु घासीदास चौक और सब्जी मंडी होते हुए दीनदयाल चौक पहुंची। यहां जमकर आतिशबाजी कर यात्रा का स्वागत किया गया। इसके बाद स्टेशन चौक, हेमू कॉलोनी चौक, कपड़ा मार्केट और गुरु नानक चौक होते हुए शोभायात्रा पुनः बाबा गुरमुख दास दरबार पहुंचकर संपन्न हुई।
दरबार पहुंचने के बाद विशेष आरती एवं अरदास की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह और गुरु के प्रति अटूट श्रद्धा देखते ही बन रही थी।
24 नवंबर को गुरुद्वारे में विशेष आयोजन
श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 24 नवंबर को गुरुद्वारे में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विशेष अरदास के साथ लंगर प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है।
कार्तिक मास में निकली प्रभात फेरी
इसी क्रम में कार्तिक मास के दौरान भाई हरनाम दास गुरुद्वारा से प्रतिदिन निकलने वाली प्रभात फेरी भी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। संत भाई साहब महात्मा उदासी के नेतृत्व में निकली इस प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। बाबा गुरमुख दास दरबार से निकली प्रभात फेरी मेंभाई साहब ललित विरानी, कृष्ण विरानी, भावी मुखी सुंदरलाल पंजवानी, मनोज विरानी, रामचंद्र संतवाणी, प्रकाश वरलानी, किशोर तेजवानी, मानिक कोडवानी, अमित कुकरेजा, सुनील चंदनानी, कन्हैया थावरानी, प्रशांत थावरानी, हरीश बहेजा, जीतू लालवानी, अविनाश निहिचलानी, राजकुमार जेठवानी, राजकुमार वाधवानी, प्रकाश ज्ञानचंदानी, मनोज निहिचलानी, चेतन बत्रा, दिलीप केसवानी, घनश्याम थावरानी, दिलीप मंगवानी, राजकुमार आहुजा, कैलाश आहूजा, बंटी तेजवानी,ज्योति वाधवानी,सरिता चंदानी, पूजा भोजवानी, आंचल खूबचंदानी, सपना निहिचलानी, स्वाति खुबवानी, मीत खुबवानी, कोमल पंजवानी, उषा कुकरेजा, श्रुति, वंशिका, प्राची, गौरी, किरण संतवाणी, गूगल नागवानी, मुस्कान ज्ञानचंदानी, उषा सलूजा, मधु माधवाणी,हर्षा निहि चलनी, साक्षी वाधवानी, रिंकी वहेजा, डिंपल कोडवानी, जया चदनानी, सोना केसवानी ज्योति नावानी, हीर केसवानी, भावना विरानी नीलम पंजवानी, मन्नत वाधवानी पूजा मोटवानी ,शांता गोविंदानी, भावना रीजवानी वंशिका लालवानी सपना लालवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु विशेष रूप से शामिल हुए।

