बाल दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर में बच्चों को दी गई कानून की जानकारी, POCSO एक्ट, साइबर अपराध, बाल विवाह और बाल मजदूरी से बचाव के बताए उपाय
तिल्दा नेवरा -बाल दिवस के अवसर पर कार्मल पब्लिक स्कूल, तिल्दा तुलसी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देकर सुरक्षित एवं नशामुक्त बचपन का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम मेंविद्यार्थियों को सरल भाषा में बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और शोषणमुक्त वातावरण में जीवन जीने का अधिकार है। उन्होंने डॉन (DAWN) योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बाल संरक्षण, देखभाल, शिक्षा और बच्चों के अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

शिविर में बाल यौन शोषण से बचाव एवं POCSO अधिनियम, बाल मजदूरी, बाल विवाह, साइबर अपराध, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और यातायात नियमों पर विस्तार से जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि अनजान लोगों से सतर्क रहें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी और फोटो किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार के गलत व्यवहार या परेशानी की स्थिति में बिना डरे अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दें।
वीडियो के जरिए बताया नशे और सामाजिक बुराइयों का दुष्परिणाम
बच्चों को जागरूक करने के लिए शिविर में विशेष वीडियो भी प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, बाल मजदूरी और बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि बचपन पढ़ने, खेलने और सपने संजोने के लिए है, न कि मजदूरी, शोषण या नशे की गिरफ्त में आने के लिए।
हेल्पलाइन नंबरों की दी गई जानकारी
शिविर में बच्चों एवं आमजन की सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। इनमें 14446 (नशामुक्ति हेल्पलाइन), 15100 (निःशुल्क विधिक सहायता), 112 (आपातकालीन सहायता), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) तथा 1093 (तटरक्षक हेल्पलाइन) शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों से कानून और सामाजिक जागरूकता से जुड़े सवाल पूछे गए। बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने सवाल रखे और महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
इस मौके परअधिकार मित्रनव्या साहू ने कहा कि जागरूक बच्चा ही सुरक्षित समाज और सशक्त भारत की नींव है। प्रत्येक बच्चे को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों की जानकारी भी होनी चाहिए। बाल दिवस की सार्थकता तभी है, जब हर बच्चे को सुरक्षित, शिक्षित, नशामुक्त और सम्मानपूर्ण बचपन मिले।

