शिमला: भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत की ओर से गाँधी परिवार को लेकर की गई टिप्पणियों के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शिमला में एफआईआर दर्ज की है. पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उनके परिवार को लेकर की गई कथित भड़काऊ पोस्ट के खिलाफ शिमला निवासी अतुल शर्मा की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है.
शिकायतकर्ता अतुल शर्मा के अनुसार, कंगना रनौत के सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल से 10 नवंबर को की गई पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, उनके बेटे संजय गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की मौत को लेकर कथित तौर पर भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पोस्ट में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को ‘रहस्यमय विदेशी नागरिक’ बताते हुए उनके परिवार के सदस्यों की एक के बाद एक हत्या और उनके सरकार की मुखिया बनने को लेकर भी टिप्पणी की गई थी.
शिकायतकर्ता ने इन टिप्पणियों को भड़काऊ बताते हुए आरोप लगाया कि इससे सामाजिक और राजनीतिक माहौल खराब होने के साथ सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है. इसी आधार पर पुलिस से कंगना रनौत के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई थी. शिकायत में इन टिप्पणियों को भड़काऊ, तथ्यहीन और सार्वजनिक शांति भंग करने की आशंका पैदा करने वाला बताया गया है. शिकायतकर्ता ने मामले की आपराधिक जांच और संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच करने की मांग की है.
BNS की तीन धाराओं में मामला दर्ज
वहीं, शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(2), 196(1)(b) और 356(2) के तहत मामला दर्ज किया है. शिकायत में संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है. एफआईआर के मुताबिक मामले की जांच शिमला वेस्ट थाना पुलिस कर रही है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.

