Homeछत्तीसगढ़भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर सजाया तिलक, मांगी...

भाई दूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर सजाया तिलक, मांगी लंबी उम्र की दुआ… उपहारों के साथ रिश्तों में घुली मिठास

पांच दिवसीय दीपोत्सव का हुआ समापन, भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व परंपरागत उल्लास के साथ मनाया गया

तिल्दा नेवरा।दीपों की जगमगाहट, मिठाइयों की मिठास और भाई-बहन के अटूट प्रेम के बीच पांच दिवसीय दीपोत्सव का अंतिम पर्व भाई दूज बुधवार को पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अपने भाइयों का तिलक कर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। घरों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर बहनों ने पूजा-अर्चना के बाद भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर आरती उतारी और उन्हें मिठाइयां तथा अपने हाथों से तैयार किए गए पकवान खिलाए। भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार भेंट कर उनके प्रति स्नेह प्रकट किया और जीवनभर उनकी रक्षा, सम्मान एवं साथ निभाने का संकल्प दोहराया। परिवारों में हंसी-खुशी और आत्मीयता का माहौल रहा।

भगवान श्रीकृष्ण और सुभद्रा से जुड़ी है पौराणिक मान्यता

भाई दूज के पर्व को लेकर एक पौराणिक कथा प्रचलित है। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने नरकासुर का वध करने के बाद जब द्वारिका लौटे, तब उनकी बहन सुभद्रा ने दीप जलाकर, फूलों और मिठाइयों से उनका स्वागत किया था। इसके बाद सुभद्रा ने भगवान श्रीकृष्ण के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना की थी। तभी से भाई दूज पर बहनों द्वारा भाइयों का तिलक करने की परंपरा प्रचलित होने की मान्यता है।

रिश्तों में प्रेम और विश्वास को मजबूत करता है पर्व

भाई दूज केवल एक धार्मिक त्योहार नहीं, बल्कि भाई-बहन के पवित्र रिश्ते में प्रेम, विश्वास, समर्पण और जिम्मेदारी को मजबूत करने का प्रतीक है। रक्षाबंधन की तरह यह पर्व भी भाई-बहन के बीच अटूट स्नेह का संदेश देता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन विधि-विधान से बहन के हाथों तिलक करवाने वाले भाई को दीर्घायु और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है। इसे भाई की रक्षा और उसके जीवन से अकाल मृत्यु के भय को दूर करने की कामना से भी जोड़ा जाता है।

अलग-अलग क्षेत्रों में अलग नाम और परंपराएं

देश के विभिन्न राज्यों और समुदायों में भाई दूज को अलग-अलग नामों और परंपराओं के साथ मनाया जाता है। महाराष्ट्र में इसे ‘भाऊबीज’ और बंगाली समुदाय में ‘भाई फोटा’ के नाम से जाना जाता है। नाम और रीति-रिवाज भले ही अलग हों, लेकिन हर जगह इस पर्व का मूल संदेश एक ही है—भाई-बहन का अटूट प्रेम, एक-दूसरे की खुशहाली की कामना और जीवनभर रिश्ते को निभाने का वचन।

इस तरह भाई दूज के साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव का समापन हुआ। त्योहार की खुशियों के बीच एक बार फिर भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और पारिवारिक एकता का खूबसूरत संदेश देखने को मिला।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments