तिल्दा-नेवरा।शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि समाज और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनना भी है। विशेषकर स्वास्थ्य सेवा से जुड़े विद्यार्थियों के लिए चिकित्सा ज्ञान के साथ कानून की समझ और मानवीय संवेदनशीलता भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य को लेकर राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के मार्गदर्शन में इवेंजेलिकल मिशन हॉस्पिटल, तिल्दा के स्कूल ऑफ नर्सिंग में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्कूल ऑफ नर्सिंग की प्राचार्य श्रीमती प्रिया गुडे (Mrs. Priya Gude) का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। इस दौरान नर्सिंग विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं, महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, मरीजों के कानूनी अधिकारों और विभिन्न सरकारी सहायता योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
सड़क सुरक्षा से लेकर पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना तक दी जानकारी
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी गई। साथ ही सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल सहायता करने का संदेश दिया गया। अपराध अथवा दुर्घटना से प्रभावित पीड़ितों और उनके पात्र परिजनों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से मिलने वाली पीड़ित क्षतिपूर्ति योजना एवं निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा बाढ़, भूकंप, आगजनी जैसी प्राकृतिक आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों में राहत, बचाव, पुनर्वास तथा पात्र व्यक्तियों को मिलने वाली सहायता के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।
हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किया जागरूक
जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपातकालीन सहायता के लिए 112, साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930, महिला हेल्पलाइन के लिए 181 तथा निःशुल्क राष्ट्रीय विधिक सहायता के लिए 15100 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी मरीज के साथ जाति, धर्म, लिंग अथवा आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। प्रत्येक मरीज के सम्मान, सुरक्षा और निजता की रक्षा करना स्वास्थ्य सेवाकर्मियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
MTP एक्ट और POCSO कानून के प्रावधानों को समझाया
कार्यक्रम में अधिकार मित्र श्रीमती नव्या साहू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग का क्षेत्र केवल चिकित्सा सेवा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें मानवीय संवेदना, मरीजों की गोपनीयता, सम्मान और कानूनी जिम्मेदारियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने गर्भ का चिकित्सकीय समापन अधिनियम (MTP Act), 1971 एवं वर्ष 2021 के संशोधन के प्रावधानों की जानकारी देते हुए गर्भसमापन की कानूनी समय-सीमा, 20 और 24 सप्ताह तक के प्रावधानों तथा विशेष परिस्थितियों में 24 सप्ताह से अधिक की गर्भावस्था से संबंधित कानूनी व्यवस्थाओं को समझाया।
इसके साथ ही नाबालिग एवं बालिग गर्भवती महिलाओं के कानूनी अधिकारों, नाबालिग के मामले में अभिभावक की सहमति तथा POCSO अधिनियम 2012 के अंतर्गत बच्चों के संरक्षण और यौन अपराधों की सूचना देने की कानूनी अनिवार्यता पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।
उन्होंने मरीज की सहमति, मेडिकल रिकॉर्ड की गोपनीयता, महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी और साइबर अपराध जैसे गंभीर विषयों पर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया।
प्रश्नोत्तर के माध्यम से परखी विद्यार्थियों की समझ
कार्यक्रम के अंतिम चरण में विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछे गए, जिसके माध्यम से उनकी समझ और जागरूकता का आकलन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य नर्सिंग विद्यार्थियों को भविष्य में एक कुशल स्वास्थ्य सेवाकर्मी बनाने के साथ-साथ उन्हें कानून के प्रति जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करना रहा।
कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि एक बेहतर स्वास्थ्य सेवाकर्मी बनने के लिए चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ मरीजों के अधिकारों और कानूनी दायित्वों की जानकारी भी उतनी ही आवश्यक है।

