श्मशान घाट में कथित तंत्र साधना करते पकड़ा गया अघोरी, गुस्साए लोगों ने लात-घूंसों से पीटा, पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से अंधविश्वास और कानून व्यवस्था से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कोनी थाना क्षेत्र के श्मशान घाट में कथित रूप से महिला के शव के साथ छेड़छाड़ कर तंत्र-मंत्र की साधना करने के आरोप में एक अघोरी की लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग अघोरी के बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटकते और लात-घूंसों से मारते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के दौरान अघोरी के मुंह से खून निकलने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने पर कोनी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस का पक्ष अलग है। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच मारपीट की वजह आपसी रंजिश बताई गई है। पुलिस ने कुछ लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस घटना ने एक बार फिर श्मशान घाटों में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों और कानून हाथ में लेने की घटनाओं को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला के शव और अस्थियों के साथ छेड़छाड़ के आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

