जगदलपुर। बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर के सहकारिता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। जगदलपुर में 8 और 9 अक्टूबर को होने वाले इस सम्मेलन में देशभर से सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन को लेकर प्रशासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बताया गया है कि सम्मेलन में 15 राज्यों के सचिव तथा 14 राज्यों के पंजीयक हिस्सा लेंगे। इसके अलावा देश के विभिन्न राज्यों से सहकारिता विभाग से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी भी सम्मेलन में पहुंचेंगे। दो दिवसीय सम्मेलन में सहकारिता क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों, योजनाओं और राज्यों में सहकारिता के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी।
बस्तर में पहली बार इतने बड़े स्तर पर राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन आयोजित होने से इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है। सम्मेलन के दौरान देश के विभिन्न राज्यों के अधिकारी आपस में अनुभव साझा करेंगे और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

