रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय चार दिवसीय सिंगापुर दौरे के बाद बुधवार को रायपुर लौटे। मुख्यमंत्री के दौरे को छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और कौशल विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सिंगापुर यात्रा के दौरान प्रदेश को कुल ₹43,600 करोड़ के एफडीआई निवेश प्रस्ताव मिले हैं।
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026 में वैश्विक निवेशकों और बिजनेस लीडर्स के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों, निवेश अनुकूल नीतियों और बदलते कारोबारी माहौल की जानकारी देते हुए वैश्विक कंपनियों को प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।

दौरे के दौरान सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव ₹41,750 करोड़ का एआई-रेडी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने का है। सिंगापुर की Energy Capital Global द्वारा प्रस्तावित यह परियोजना 100 मेगावाट क्षमता की होगी और इसमें एआई आधारित डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ स्वच्छ ऊर्जा का इस्तेमाल किया जाएगा। इसके अलावा ग्रीन एनर्जी क्षेत्र में भी ₹1,500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव सामने आया।
यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ सरकार ने Singapore की ITE Education Services के साथ तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा तथा कौशल विकास के लिए MoU किया। इसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों के साथ-साथ कुशल मानव संसाधन तैयार करना भी प्रदेश के विकास के लिए जरूरी है।
वहीं, Valency International को छत्तीसगढ़ में एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र में ₹350 करोड़ निवेश के लिए आमंत्रित किया गया है। कंपनी द्वारा काजू, तिल, दलहन और मूंगफली की प्रोसेसिंग तथा निर्यात के लिए एकीकृत हब स्थापित करने की योजना बताई गई है। इससे किसानों के लिए नए बाजार और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री साय ने सिंगापुर में आयोजित CEO Roundtable में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी बातचीत की। TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ तकनीक, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से मुलाकात कर निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की। Global Finance & Technology Network के साथ हुई बैठक में छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस में प्रशिक्षण, प्रदेश के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर भी बातचीत हुई।
मुख्यमंत्री साय के सिंगापुर दौरे से छत्तीसगढ़ में निवेश, तकनीक, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद जगी है। अब इन निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना सरकार के लिए अगली बड़ी चुनौती होगी।

