तेज बहाव में पुल पार करते समय बहा था 24 वर्षीय युवक, NDRF ने चलाया था सर्च ऑपरेशन
तिल्दा-नेवरा-शुक्रवार रात तेज बारिश के बाद उफन रहे नाले को पार करना 24 वर्षीय अंकित पाठक को भारी पड़ गया। तिल्दा-कोहका-रजिया मार्ग पर पुल के ऊपर से बह रहे तेज पानी के बीच नाला पार करते समय अंकित बह गया था। करीब 36 घंटे की तलाश के बाद रविवार सुबह उसका शव घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची टीम ने उसे बाहर निकाला, जिसके बाद उसकी पहचान बिरगांव निवासी अंकित पाठक के रूप में हुई।अंकित के नाले में बहने के बाद NDRF की टीम के साथ तिल्दा पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस और बचाव दल नाले के आसपास के हिस्सों में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।
शनिवार को दिखे बहते व्यक्ति की गुत्थी बरकरार
अंकित की तलाश के दौरान शनिवार को यह सूचना तेजी से फैली कि कोटा नाले पर बने पुल के नीचे एक व्यक्ति पानी के तेज बहाव में बहता हुआ दिखाई दिया है। सूचना के बाद पुलिस ने कोटा के आगे नाले के हिस्से में भी उसकी तलाश की। कुछ लोगों ने तो बहते व्यक्ति को बचाने के लिए उफनते नाले में छलांग लगाने की भी कोशिश की।
हालांकि रविवार सुबह जब अंकित का शव घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में फंसा मिला, तो शनिवार को दिखाई दिए व्यक्ति को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। क्या वह अंकित ही था, या तेज बहाव में कोई दूसरा व्यक्ति दिखाई दिया था? फिलहाल इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
नाले के आसपास के गांवों में भी किसी अन्य व्यक्ति का शव मिलने की सूचना नहीं है। ऐसे में यह संभावना जताई जा रही है कि शनिवार को बहते हुए दिखाई दिया व्यक्ति अफवाह या पानी के तेज बहाव के कारण बना भ्रम भी हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बहन के घर आया था अंकित
बताया गया कि शुक्रवार को बिरगांव निवासी अंकित पाठक अपने दो दोस्तों के साथ तिल्दा के पास ग्राम खुडमुड़ी में रहने वाली अपनी बहन के घर घूमने आया था। रात करीब 9 बजे अंकित अपने दोनों दोस्तों के साथ वापस घर जाने के लिए निकला था। इसी दौरान तिल्दा-कोहका-रजिया मार्ग पर नाले के ऊपर बने पुल को पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आकर वह बह गया। उसके दोनों दोस्त किसी तरह सुरक्षित नाला पार कर गए, लेकिन अंकित पानी के तेज बहाव में बह गया।
रविवार सुबह शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया। 36 घंटे तक चली तलाश का अंत अंकित के शव मिलने के साथ हुआ, लेकिन शनिवार को बहते दिखाई दिए व्यक्ति की कहानी अब भी सवाल बनी हुई है।

