गणेश विसर्जन की खुशियां लेकर निकले युवकों को शायद यह अंदाजा भी नहीं था कि रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। बालोद के मरकाटोला घाट में गेहूं से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में 6 युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 7 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कुछ शव ट्रक के नीचे दबे मिले। हादसे की तस्वीरें देखकर मौके पर मौजूद लोगों का भी कलेजा कांप उठा।
बालोद जिले के पुरूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जगदलपुर नेशनल हाईवे पर मरकाटोला घाट के पास यह दर्दनाक हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पिकअप में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सामान बंधा था। इसमें कवर्धा के युवक सवार थे, जो गणेश विसर्जन के बाद जगदलपुर जा रहे थे।

मरकाटोला घाट के पास पिकअप खराब हो गई थी। बारिश से बचने के लिए युवक पिकअप के अंदर बैठे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे गेहूं से भरे ट्रक ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क पर पलट गया।
हादसा इतना भीषण था कि कुछ युवक टक्कर लगने से दूर जा गिरे, जबकि कुछ ट्रक के नीचे दब गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। राहत और बचाव के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने हादसे में 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। गंभीर रूप से घायल 7 युवकों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी में लगातार बारिश के कारण सड़क पर फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
मृतक कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी से जुड़े बताए जा रहे हैं। सभी युवक गणेश विसर्जन के कार्यक्रम में बाजा बजाने के लिए जा रहे थे। खुशियों से भरी यह यात्रा मरकाटोला घाट पहुंचते ही ऐसी त्रासदी में बदल गई, जिसने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।

