तिल्दा-नेवरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार शाम शहर के साथ-साथ गांवों में भी दीपों की रोशनी बिखरी। इसी कड़ी में ग्राम मोहदा में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति शैल महेंद्र साहू की उपस्थिति में मंदिर प्रांगण में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए दीप प्रज्ज्वलित किए।
निर्धारित समय शाम 7 बजे मोहदा के मंदिर प्रांगण में महज तीन मिनट के भीतर 251 आशीर्वाद के दीप प्रज्ज्वलित किए गए। दीपों से जगमगाते मंदिर परिसर का नजारा आकर्षक रहा। वहीं गांव के अलग-अलग घरों में भी ग्रामीणों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। दीप जलने के साथ ही पूरा गांव दीपोत्सव और दिवाली जैसा नजर आया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति शैल महेंद्र साहू ने केक काटकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और उनके दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की योजनाएं गांव-गांव तक पहुंची हैं। गरीब और जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला है। आज गांवों में पक्के मकान, सड़क, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ लोगों के जीवन में बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी ने देश के गांव और गरीब को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है। जिन गरीब परिवारों के पास कभी अपना पक्का घर नहीं था, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से घर का सपना पूरा करने का अवसर मिला। महिलाओं, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद परिवारों के लिए केंद्र सरकार की अनेक योजनाएं संचालित हो रही हैं। आज देश का आम नागरिक अपने-अपने तरीके से प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं और आशीर्वाद दे रहा है। मोहदा के इन 251 दीपों के माध्यम से भी हम उनके स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना कर रहे हैं।”
कार्यक्रम में महेंद्र साहू, टीकम वर्मा, तरुण वर्मा, रेखा प्रहलाद, सरपंच सनत चौहान, भूखिन धीवर, मोतिम साहू, प्रकाश वर्मा, श्रीधर वर्मा, फानेंद्र भूषण वर्मा, शरद ठाकुर, महेंद्र जेठी, दुखित निर्मलकर, मीना वर्मा, गीता वर्मा, उत्तरा वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

