भिलाई। विदेश में MBA की पढ़ाई कराने और इसके बाद अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 19 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। स्मृतिनगर स्थित टॉप कैरियर कंसल्टेंसी से जुड़े तीन लोगों पर ठगी का आरोप है। मामले में स्मृतिनगर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस ने दो आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की है।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-1 भिलाई निवासी सुमित अरमरकर ने 15 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंसल्टेंसी संचालक गगन गुप्ता, उसकी पत्नी स्वाती अग्रवाल गुप्ता और पार्टनर जसविंदर सिंह डिगवा ने UK, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा की यूनिवर्सिटी में MBA में प्रवेश तथा पढ़ाई के बाद नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।
आरोपियों के बताए बैंक खातों में अलग-अलग किस्तों और चेक के माध्यम से कुल 19 लाख रुपए जमा किए गए। इसके बाद विदेश भेजने और नौकरी दिलाने के नाम पर लगातार आश्वासन दिया जाता रहा। शिकायत के मुताबिक बाद में कनाडा की सिटीजनशिप और विजिटर वीजा दिलाने का भी प्रलोभन दिया गया। आवेदक को किर्गिस्तान भेजा गया, लेकिन वहां नौकरी नहीं मिली, जिसके बाद वह भारत लौट आया।
रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने 2-2 लाख रुपए के तीन चेक दिए। बैंक में जमा करने पर तीनों चेक बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1375/2026, धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। विवेचना के दौरान गगन गुप्ता और जसविंदर सिंह डिगवा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात सामने आई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

