तिल्दा-नेवरा पुलिस की कार्रवाई, समझाइश के बावजूद मारपीट पर उतारू थे आरोपी
तिल्दा-नेवरा-गणेश पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तिल्दा-नेवरा पुलिस द्वारा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने विवाद और लड़ाई-झगड़े के जरिए शांति भंग करने वाले तीन लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार गणेश पर्व के मद्देनजर थाना क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है तथा संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में सतत भ्रमण किया जा रहा है। इसी दौरान थाना तिल्दा-नेवरा के सामने आम रोड तथा ग्राम किरना में विवाद और लड़ाई-झगड़े की सूचना पुलिस को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने संबंधित लोगों को समझाइश देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन समझाइश के बावजूद वे उग्र होकर मारपीट करने पर आमादा हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रतिबंधात्मक धारा 170 बीएनएसएस के तहत तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को अनुविभागीय दंडाधिकारी न्यायालय, तिल्दा-नेवरा के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद तीनों को जेल निरुद्ध कर दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पवन कुमार ध्रुव वार्ड क्रमांक 15, दीनदयाल चौक, तिल्दा। हीरालाल नवरंगे वार्ड क्रमांक 02, प्राथमिक शाला के पीछे, ग्राम सांकरा।उमेश कुमार वर्मा ग्राम किरना।सभी थाना तिल्दा-नेवरा, जिला रायपुर क्षेत्र के निवासी हैं।त्यौहार में हुड़दंग करने वालों को पुलिस का स्पष्ट संदेशपुलिस ने स्पष्ट किया है कि गणेश पर्व और आगामी त्यौहारों के दौरान शांति, सौहार्द एवं कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे त्यौहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और किसी भी प्रकार के विवाद, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें।

