तिल्दा-नेवरा. रेलवे के डीआरएम दयानंद ने सोमवार को तिल्दा-नेवरा पहुंचकर रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों का औचक निरीक्षण किया। वे सुबह करीब 10 बजे स्पेशल सैलून से प्रोजेक्ट मैनेजर गति शक्ति यूनिट सीएसयू विकास कार्य बिलासपुर, सीनियर डीसीएम सहित रेलवे के अन्य अधिकारियों की टीम के साथ तिल्दा पहुंचे।
डीआरएम अपनी टीम के साथ तिल्दा नेवरा पहुंचकर सबसे पहले रेलवे परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने स्टेशन में चल रहे विभिन्न निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत निर्माणाधीन तिल्दा रेलवे स्टेशन के कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी गति को लेकर डीआरएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अमृत भारत योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्य में तिल्दा स्टेशन अन्य स्थानों पर चल रहे कार्यो की तुलना में पीछे चल रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य में सामने आई कमियों को जल्द दूर करने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
गंदगी और जर्जर सड़क देखकर जताई नाराजगी
स्टेशन के बाहर निकलने पर डीआरएम ने परिसर में फैली गंदगी तथा प्रवेश मार्ग की जर्जर स्थिति और बरसाती पानी से भरी सड़क को देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल ऑटो हटाने के निर्देश दिए। साथ ही बजरंगबली मंदिर में प्रतिमा को विधि-विधान से अन्य स्थान पर स्थापित किए जाने के बाद भी पुराने ढांचे के खड़े रहने पर सवाल उठाया। उन्होंने अधिकारियों को इस ढांचे को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीआरएम कार से सासाहोली रेलवे फाटक के ऊपर बने आरओबी का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां भी उन्होंने निर्माण से संबंधित कमियों का जायजा लिया और अधिकारियों को उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। बताया गया कि करीब दो माह पहले रेलवे और ब्रिज का निरीक्षण करने के लिए एक टीम भेजी गई थी। टीम द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर डीआरएम ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
विद्युत सब स्टेशन को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के निर्देश
डीआरएम ने स्टेशन के बाहर बने विद्युत सब स्टेशन का भी जायजा लिया। उन्होंने इसे उचित स्थान पर स्थानांतरित कर स्थापित करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। करीब एक घंटे तक डीआरएम अपनी टीम के साथ स्टेशन परिसर में घूम-घूमकर विभिन्न व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते रहे।

