बिलासपुर। तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटता ले गया। हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही जूनापारा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
एक ही बाइक पर सवार थे तीनों युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जूनापारा के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को काफी दूर तक घसीटता रहा। हादसे की भयावहता देखकर मौके पर राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था बहाल कराई।
मृतकों की पहचान नहीं, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस के मुताबिक, तीनों मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। उनके पास से तत्काल पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ ही मुख्य मार्गों और आसपास के ढाबों पर भी जानकारी जुटा रही है। अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

