दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ का आयोजन, सुबह 9 से शाम 5 बजे तक चलेगा रक्तदान
तिल्दा-नेवरा । राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की पुण्य स्मृति में ब्रह्माकुमारीज़ के समाज सेवा प्रभाग (RERF) द्वारा देशभर में चलाए जा रहे ‘विश्व बंधुत्व रक्तदान महाअभियान’ के तहत तिल्दा में भी 21 अगस्त को रक्तदान महाअभियान आयोजित किया जाएगा। ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा सेवाकेंद्र द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में समाज की भागीदारी बढ़ाना है।
ब्रह्माकुमारीज़ की बीके प्रियंका दीदी ने बताया कि रक्तदान केवल एक सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम है। दुर्घटना पीड़ितों, गंभीर रोगियों, गर्भवती महिलाओं, ऑपरेशन तथा आपातकालीन उपचार वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में स्वैच्छिक रक्तदाताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ और योग्य व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान रक्त भंडार को मजबूत करता है और जरूरत के समय किसी परिवार के लिए जीवन की उम्मीद बन सकता है। अभियान के माध्यम से समाज में एक-दूसरे की चिंता, सहयोग और मानवता के लिए आगे आने की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा ने नागरिकों से अपील की है कि वे 21 अगस्त को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नील कमल परिसर स्थित ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें। सेवाकेंद्र पंजाब नेशनल बैंक एवं एचडीएफसी बैंक के पास स्थित है। रक्तदान के साथ नागरिकों को ज्ञान-योग एवं राजयोग का लाभ लेने के लिए भी प्रेरित किया गया है।
आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि इस महाअभियान में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनकर रक्तदान करें और किसी जरूरतमंद के जीवन में उम्मीद की नई किरण बनें।

