चार घंटे तक चला विशेष अभियान, बैंक-एटीएम, सराफा बाजार, लॉज-ढाबों की सघन जांच, देर रात घूमने वालों पर भी कार्रवाई
तिल्दा नेवरा । रायपुर ग्रामीण पुलिस के निर्देश पर तिल्दा-नेवरा पुलिस ने सोमवार देर रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर अपराधियों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मचा दिया। रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक चले इस विशेष अभियान में तिल्दा-नेवरा नगर सहित तुलसी, सासाहोली, देवार पारा, अटल आवास और मोहभट्ठा पारा क्षेत्रों में एक साथ सघन तलाशी एवं गश्त की गई।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन चौक, दीनदयाल चौक, सराफा मार्केट, सिंधी कैंप, बुधवारी बाजार, मिशन कॉलोनी, रेस्ट हाउस सहित संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की टीमों ने पैदल एवं वाहन गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वहीं बैंक, एटीएम, सराफा बाजार, लॉज और ढाबों की गहन जांच कर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।

पुलिस ने निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों के घरों पर दबिश देकर उनकी वर्तमान गतिविधियों की जानकारी ली और उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध से दूर रहने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही फरार वारंटियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के संभावित ठिकानों पर भी छापेमार कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान देर रात बिना किसी उचित कारण के सार्वजनिक स्थानों पर घूमते मिले लोगों को थाना लाकर पूछताछ की गई। सत्यापन के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द करते हुए भविष्य में अनावश्यक रूप से देर रात सार्वजनिक स्थानों पर नहीं घूमने की सख्त हिदायत दी गई।
इस दौरान पुलिस ने नागरिकों को अवैध अथवा संदिग्ध प्रवासियों की जानकारी देने के लिए शासन द्वारा जारी टोल-फ्री हेल्पलाइन1800-233-1905 तथा ‘समाधान ऐप’ के उपयोग की जानकारी भी दी। साथ ही मकान मालिकों से किरायेदारों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई।
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के विशेष कॉम्बिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर अपराध नियंत्रण में अपना सहयोग दें।

