कोरिया -छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक 17 साल की लड़की ने इंटर कास्ट लव मैरिज की थी। परिजनों के साथ समाज के प्रमुखों ने उसके ससुराल पहुंचकर उसे अगवा कर लिया। इसके बाद गोंडवाना नेता और उसके जीजा ने किडनैप कर गैंगरेप किया है।
उन्हें पता चला कि, लड़की 5 महीने की प्रेग्नेंट है, तो उसे जबरन अबॉर्शन की दवा खिला दी गई। अब पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। मामला बैकुंठपुर कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, खड़गवां थाना क्षेत्र की गोंड समाज की युवती ने कुछ महीने पहले दूसरे समाज के युवक से लव मैरिज की थी। लड़की के लापता होने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसी बीच पता चला कि, उनकी बेटी ने शादी कर ली है।
जिसके बाद युवती के माता-पिता और गोंड समाज के लोग उसके ससुराल पहुंचे। युवती का पति काम पर गया था। इस बीच परिजन जबरन युवती को ससुराल पक्ष के विरोध के बावजूद अपने साथ ले गए। इसके बाद परिजनों ने ही बेटी को समाज प्रमुख गोंडवाना नेता रमेश टेकाम और उसके जीजा दरोगा सिंह को सौंप दिया।
आरोप है कि, युवती को रमेश टेकाम अपने घर सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर के किराना दुकान ले गया, जहां अपने जीजा दरोगा सिंह के साथ मिलकर गैंगरेप किया। जब उन्हें पता चला कि युवती 5 महीने की प्रेग्नेंट हैं, तो दोनों ने युवती के पेट में मालिश कर बच्चा गिराने की कोशिश भी की।
5 जुलाई को युवती को मेडिकल स्टोर में अबॉर्शन की दवा खरीदने के लिए भेजा। इस बीच युवती मेडिकल स्टोर गई, तो फोन पर अपने पति को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पति बैकुंठपुर थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस के सहयोग से युवती को रमेश टेकाम के घर से बरामद किया गया।
युवती अपने पति के साथ बैकुंठपुर कोतवाली थाने पहुंचकर केस दर्ज कराई। शिकायत में युवती ने बताया है कि रमेश टेकाम और दरोगा सिंह ने उसके साथ कई बार रेप किया है।
रमेश सिंह (58), गोंडवाना नेता
दरोगा सिंह (56), जीजा
युवती के पति ने बताया कि, परिजनों ने पहले शादी के लिए सहमति दी थी। युवती उसके साथ चली गई, तो परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। दोनों जब थाने पहुंचे और परिजनों को बुलाया गया तो परिजनों ने शिकायत वापस ले ली थी। परिजनों ने शादी को सहमति दे दी थी। लेकिन बाद में समाज के दबाव में वे शादी के खिलाफ हो गए।
इस मामले में बैकुंठपुर कोतवाली पुलिस ने गोंडवाना नेता रमेश टेकाम और उसके जीजा दरोगा सिंह को 19 जुलाई को सूरजपुर के चांदनी बिहारपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी के खिलाफ थाना बैकुंठपुर में अपराध क्रमांक 216/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)(f), 64(2)(m), 65(1), 70(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। विवेचना के दौरान आरोपी रमेश टेकाम को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

