रायपुर। भारतीय संविधान के सम्मान और उसकी विचारधारा को लेकर आज संविधान दिवस के मौके पर राजधानी रायपुर में सियासत का अलग-अलग रंग देखने को मिलेगा। एक ओर भारतीय जनता पार्टी संविधान के गौरव, उसकी उपलब्धियों और मूल भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संविधान गौरव दिवस मनाएगी, तो दूसरी ओर कांग्रेस संविधान की रक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाते हुए संविधान बचाओ मार्च निकालेगी।
संविधान दिवस के अवसर पर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के कार्यक्रमों ने राजधानी का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया है। एक ही दिन, एक ही संविधान और उसके सम्मान की बात, लेकिन दोनों दलों के नजरिए और राजनीतिक संदेश अलग-अलग हैं।
भाजपा के मंच पर मुख्यमंत्री, कांग्रेस के मार्च में दिग्गज नेता
भाजपा की ओर से राजधानी के रजबंधा मैदान स्थित शहीद स्मारक भवन में दोपहर 3:30 बजे संविधान गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। वहीं सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति डॉ. गौतम भादुड़ी और सांसद संतोष पांडेय मुख्य वक्ता के रूप में अपनी बात रखेंगे। कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भी संविधान दिवस को लेकर अपनी राजनीतिक रणनीति तैयार कर ली है। पार्टी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत सुबह 11 बजे रायपुर के गांधी मैदान से संविधान रक्षा मार्च निकालेगी, जो अंबेडकर चौक तक पहुंचेगा। इस मार्च में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
संविधान के सम्मान पर सियासी दावों की जंग
संविधान दिवस पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों और संवैधानिक मूल्यों का हवाला देते हुए जनता के बीच अपना पक्ष रखने जा रही हैं। भाजपा जहां संविधान के गौरव, लोकतांत्रिक परंपराओं और बाबा साहेब के सम्मान को अपना मुख्य संदेश बना रही है, वहीं कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों, मतदाता सूची और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर सरकार पर सवाल उठाने की तैयारी में है।
इस मुद्दे पर दोनों दलों के बीच जुबानी जंग भी तेज हो चुकी है। भाजपा कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान की मंशा पर सवाल उठा रही है, तो कांग्रेस भाजपा पर संवैधानिक मूल्यों को कमजोर करने के आरोप लगा रही है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि संविधान दिवस पर होने वाले इन दोनों आयोजनों में किस दल को कितना जनसमर्थन मिलता है और संविधान के नाम पर छिड़ी यह राजनीतिक बहस आगे क्या रूप लेती है।

