रायपुर में सनसनीखेज चोरी का खुलासा, गाड़ी की परछाई बनी पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग; चार राज्यों में तलाश के बाद दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
रायपुर। महज आठ मिनट… न कोई शोर, न किसी को संभलने का मौका और देखते ही देखते Apple स्टोर से 1.89 करोड़ रुपये के 173 महंगे iPhone गायब! राजधानी रायपुर के तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store में हुई इस सनसनीखेज चोरी ने पुलिस को भी चुनौती दे दी थी। लेकिन शातिर चोरों को शायद अंदाजा नहीं था कि उनकी गाड़ी की एक परछाई ही उनके पूरे खेल का पर्दाफाश कर देगी। पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले और आखिरकार मध्यप्रदेश के कंजर गैंग तक पहुंच गई। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 125 iPhone बरामद कर लिए गए हैं। करीब 40 मोबाइल की तलाश अभी जारी है।
आठ मिनट में दुकान साफ कर फरार हुए थे चोर
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर को तीन आरोपी चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित iNext Apple Store पहुंचे थे। आरोपियों ने बेहद सुनियोजित तरीके से महज आठ मिनट में दुकान में रखे 173 iPhone पार कर दिए। इनकी कीमत करीब 1.89 करोड़ रुपये बताई गई है। आरोपी अपने साथ स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का DVR भी ले गए थे, ताकि पुलिस को शुरुआती जांच में परेशानी हो।
एक हजार CCTV फुटेज और गाड़ी की परछाई ने खोला राज
इस हाईप्रोफाइल चोरी की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के निर्देशन में 40 पुलिसकर्मियों की विशेष टीम गठित की गई। आरोपियों की पहचान और आवाजाही का पता लगाने के लिए पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में एक हजार से अधिक CCTV फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस को एक गाड़ी की परछाई दिखाई दी। यही मामूली-सा सुराग आगे चलकर पूरी जांच की सबसे अहम कड़ी बन गया। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही का रास्ता तलाशा और उनकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू की।
चार राज्यों में पहुंची पुलिस, इंदौर से जुड़ी चोरी के माल की कड़ी
आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात तक भेजी गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर आए थे। इसके बाद वे देवास गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर पहुंचे थे।
चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री की कड़ी तलाशते हुए पुलिस इंदौर के सैफान तक पहुंची। इसके बाद पुलिस ने भेष बदलकर उसके घर की निगरानी की और लगातार पीछा करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
मास्टरमाइंड राकेश कंजर सहित दो गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
-
राकेश कंजर (43 वर्ष) निवासी देवास, मध्यप्रदेश। पुलिस के अनुसार चोरी का मास्टरमाइंड।
-
सैफान (35 वर्ष) निवासी इंदौर, मध्यप्रदेश। चोरी के मोबाइल बिकवाने में मदद करने का आरोप।
वहीं इस मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
-
राज झाला, निवासी देवास।
-
राजेश लोधी, निवासी देवास।
कलकत्ता के चोर बाजार तक पहुंचा चोरी का माल
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि चोरी किए गए कुछ iPhone कलकत्ता के चोर बाजार में बेचे गए। अब तक पुलिस 125 iPhone बरामद कर चुकी है, जबकि करीब 40 मोबाइल अभी भी गायब हैं। पुलिस के मुताबिक, सैफान विदेश भागने की तैयारी में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कंजर गैंग की भूमिका की जांच
पुलिस के मुताबिक, इस वारदात में मध्यप्रदेश के देवास से जुड़े कंजर गैंग का नाम सामने आया है। इस गैंग से जुड़े लोगों पर अलग-अलग राज्यों में ट्रकों से माल चोरी, हाईवे लूट और वाहन चोरी जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप रहे हैं। पुलिस अब चोरी के मोबाइल की खरीद-बिक्री में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एक परछाई से खुला करोड़ों की चोरी का राज! आठ मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हुए चोरों को पकड़ने के लिए पुलिस को हजारों सुरागों के बीच एक छोटी-सी परछाई का सहारा लेना पड़ा। 125 iPhone की बरामदगी के बाद अब पुलिस की नजर फरार आरोपियों और बाकी 40 मोबाइल पर टिकी है।


