Homeछत्तीसगढ़विकास की राह में उजड़ गए 47 आशियाने! किसी का पूरा घर...

विकास की राह में उजड़ गए 47 आशियाने! किसी का पूरा घर जमींदोज, तो किसी की जिंदगी भर की कमाई मलबे में तब्दील

45-50 साल से बसे परिवारों के सिर से छिनी छत, सात परिवार पूरी तरह बेघर; मुआवजे और पुनर्वास के सवालों के बीच भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली जेसीबी
इंदर कोटवानी …

तिल्दा-नेवरा।विकास की एक नई इबारत लिखने के लिए बुधवार को तिल्दा बस्ती में कई परिवारों की जिंदगी का सबसे दर्दनाक अध्याय लिख दिया गया। जिन घरों की दीवारों में लोगों ने अपनी पूरी उम्र गुजार दी, जिन छतों के नीचे बच्चों का बचपन बीता और जिन मकानों को बनाने के लिए किसी ने जिंदगी भर सिलाई की तो किसी ने दिन-रात मजदूरी कर पाई-पाई जोड़ी, उन आशियानों को देखते ही देखते जेसीबी ने मलबे में बदल दिया। रेलवे ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण की राह में बाधा बताए जा रहे मकान और दुकानों पर बुधवार सुबह प्रशासन का बुलडोजर चला तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के बाद कहीं घर की दीवारें आधी बचीं तो कहीं पूरा मकान जमीन में मिल गया। सबसे दर्दनाक तस्वीर उन सात परिवारों की रही, जिनके सिर से पूरी तरह छत छिन गई। अब उनके सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर रात गुजारेंगे कहां?

दरअसल, मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर तिल्दा रेलवे फाटक के लोकल क्रॉसिंग क्रमांक 398 पर करीब 55 करोड़ रुपये की लागत से रेलवे ओवरब्रिज एवं अंडरब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। तिल्दा-जोत मार्ग पर कृष्णा कॉलोनी से दीनदयाल चौक तक इस परियोजना के लिए सड़क किनारे दोनों ओर बने मकानों और दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई। बुधवार सुबह तहसीलदार, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अमला जेसीबी और डंपरों को लेकर पहुंचा। इसके बाद एक-एक कर मकानों को तोड़ना शुरू कर दिया गया।

बताया जाता है कि इस कार्रवाई की जद में करीब 47 मकान और दुकानें आईं। इनमें सात मकान पूरी तरह जमींदोज कर दिए गए, जबकि शेष 40 मकानों और दुकानों के अलग-अलग हिस्सों को तोड़ा गया। किसी की 15 फीट तो किसी की 20 फीट तक दीवारें ढहा दी गईं। इनमें अधिकांश पक्के मकान थे। कई परिवारों के लिए यह केवल निर्माण सामग्री नहीं, बल्कि जीवनभर की मेहनत और उनकी जमा पूंजी का सहारा था।

विरोध, प्रदर्शन और मुआवजे के आश्वासन के बाद भी नहीं बच सके मकान

रेलवे ओवरब्रिज निर्माण को लेकर प्रभावित परिवार लंबे समय से विरोध जताते आ रहे थे। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया गया था। प्रभावित लोगों की मांग थी कि मकान तोड़ने से पहले उचित मुआवजा दिया जाए और जिन परिवारों के घर पूरी तरह हटाए जाने हैं, उन्हें दूसरी जगह बसाने की व्यवस्था की जाए।

बताया जाता है कि विरोध के दौरान तत्कालीन ओवरब्रिज इंजीनियर श्री भगत ने प्रभावित लोगों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए प्रकरण तैयार कराया था। लोगों का कहना है कि उस प्रकरण का एस्टीमेट आज भी उनके पास मौजूद है। इसी आश्वासन के बाद तोड़फोड़ की कार्रवाई कुछ समय के लिए रुक गई थी।

पहले जारी नोटिस के बाद कई परिवारों ने अपने मकान खाली भी कर दिए थे। लेकिन करीब छह महीने गुजरने के बाद एक बार फिर मकान खाली करने के नोटिस जारी हुए। इसके बाद बुधवार को अचानक भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रभावित परिवारों का आरोप है कि मुआवजे और पुनर्वास को लेकर उनकी मांगों का समाधान किए बिना ही मकानों को तोड़ दिया गया।

बिजली मीटर और सामान तक निकालने का नहीं मिला पर्याप्त समय

कार्रवाई के दौरान लोगों की नाराजगी इस बात को लेकर भी रही कि उन्हें अपने घरों में लगे बिजली मीटर, तार और अन्य जरूरी सामान निकालने का पर्याप्त समय नहीं दिया गया। कई मकानों में बिजली कनेक्शन चालू थे। लोगों का आरोप है कि जेसीबी चलने से मीटर टूट गए और बिजली के खंभों से जुड़े तार भी क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ घरों में घरेलू सामान मौजूद था। लोगों को बाद में सामान निकालने की मोहलत दी गई, लेकिन इसके बाद उन मकानों को भी तोड़ दिया गया।कई दुकानों और बड़ी बिल्डिंगों के हिस्से भी कार्रवाई में ढहा दिए गए। देखते ही देखते सड़क किनारे बने मकानों की तस्वीर बदल गई और वर्षों से आबाद इलाका मलबे में तब्दील होता चला गया।

पूर्व पार्षद जितेंद्र सेन ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद जितेंद्र सेन ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों के साथ जिस तरह की कार्रवाई की गई, उससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उनका आरोप है कि लोगों को बिजली मीटर तक निकालने का मौका नहीं दिया गया। बिजली विभाग को भी समय रहते सूचना नहीं दी गई। उनके अनुसार सुबह दो बजे तोड़फोड़ की कार्रवाई शुरू की गई और बिजली विभाग को सुबह इसकी जानकारी दी गई।

उन्होंने कहा कि जिन परिवारों के मकान तोड़े गए, उनमें कई ऐसे लोग हैं जो पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से वहां रह रहे थे। उनके पास रहने के लिए दूसरा ठिकाना नहीं है। इसके बावजूद न तो उन्हें पुनर्वास की सुविधा मिली और न ही मुआवजे को लेकर स्पष्ट व्यवस्था सामने आई।

45 साल की मेहनत से बनाया मकान, आंखों के सामने उजड़ गया आशियाना

इस कार्रवाई के बीच सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य 60 वर्षीय ज्योति गुप्ता का था। करीब 45 वर्षों से झोपड़ीनुमा मकान में रहकर दूसरों के कपड़े सिलने वाली ज्योति ने मेहनत और बचत से धीरे-धीरे अपना पक्का मकान बनाया था। उन्हें इस बात का सुकून था कि जिंदगी के इस पड़ाव पर कम से कम उनके सिर पर अपनी छत तो है। लेकिन बुधवार को उनकी आंखों के सामने वह मकान भी जेसीबी से ढहा दिया गया।

अपने बेटे और बहू के साथ रहने वाली ज्योति गुप्ता रोते हुए बताती हैं कि जिंदगीभर सिलाई करके एक-एक रुपया जोड़ा था। बड़ी मुश्किल से पक्का मकान बन पाया था। यही हमारा सहारा और हमारी दुनिया थी। आज उसे भी तोड़ दिया गया। अब हम कहां जाएंगे?उनकी आंखों में आंसू और सामने बिखरा मकान उस दर्द को बयां कर रहा था, जिसे शब्दों में बयान करना आसान नहीं है।

किसी ने इसे महल कहा, तो किसी ने गरीबों के साथ अन्याय बताया

प्रभावित नारद देवांगन ने सवाल उठाते हुए कहा कि तिल्दा में बड़ी संख्या में आबादी नजूल भूमि पर बसी हुई है, ऐसे में कार्रवाई का असर गरीब परिवारों पर ही क्यों पड़ रहा है?65 वर्षीय नरोत्तम ध्रुव ने अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार एक ओर प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लोगों को घर उपलब्ध कराने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से बसे परिवारों के मकान तोड़े जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें याद तक नहीं कि वह यहां कब से रह रहे हैं। रोजी-मजदूरी कर मिट्टी का मकान बनाया था, जो उनके लिए किसी महल से कम नहीं था। आज वह महल भी छिन गया।

प्रभावित लोगों का यह भी कहना है कि वे नियमित रूप से नगर पालिका में विभिन्न प्रकार के करों का भुगतान करते रहे हैं। ऐसे में उनके सामने यह सवाल है कि वर्षों से रहने और कर चुकाने के बावजूद आज उनके सिर से छत क्यों छिन गई?

सात परिवार पूरी तरह बेघर, अब रात गुजारने की चिंता

बुधवार की कार्रवाई में सात परिवारों के मकान पूरी तरह ढहा दिए गए। शेष मकानों में किसी की आधी दीवार बची है तो किसी की दुकान का अधिकांश हिस्सा टूट चुका है। कुछ मकानों में तो केवल तीन-चार फीट की दीवार ही शेष रह गई है।

जिन सात परिवारों के मकान पूरी तरह जमींदोज हुए हैं,उनके सामने अब सबसे बड़ी चुनौती रहने की व्यवस्था की है। किसी को रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ सकती है तो किसी को धर्मशाला या किसी अन्य सुरक्षित स्थान का सहारा लेना होगा।उम्रभर की कमाई से बनाए गए घर के मलबे के सामने खड़े इन परिवारों के लिए फिलहाल भविष्य अनिश्चित नजर आ रहा है।

मुआवजे की गाइडलाइन पर भी अटका है विवाद

प्रभावित परिवारों और प्रशासन के बीच मुआवजे को लेकर भी मतभेद सामने आ रहे हैं। बताया जाता है कि तिल्दा बस्ती के जिन लोगों को मकान हटाने के नोटिस मिले हैं, वे वर्ष 2022 की गाइडलाइन के आधार पर मुआवजे की मांग कर रहे हैं, जबकि शासन की ओर से वर्तमान गाइडलाइन के अनुसार मुआवजे की बात कही जा रही है। इसी अंतर के चलते प्रभावित परिवारों में नाराजगी बनी हुई है।

वहीं, परियोजना के दूसरे हिस्से में बने मकानों को लेकर भी स्थिति अलग बताई जा रही है। वहां कई मकान प्रचलित आबादी और रजिस्ट्री वाली जमीन पर बने हैं। ऐसे में आगे की कार्रवाई और मुआवजे की प्रक्रिया को लेकर लोगों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हुई है।

ओवरब्रिज जरूरी, लेकिन क्या अंडरब्रिज से नहीं मिल सकती थी बड़ी राहत?

तिल्दा रेलवे फाटक पर जाम की समस्या किसी से छिपी नहीं है। मुंबई-हावड़ा रेलमार्ग पर लगातार ट्रेनों की आवाजाही और अडानी की कोयला गाड़ियों के परिचालन के चलते कई बार फाटक आधे घंटे या उससे अधिक समय तक बंद रहता है। इससे स्कूली बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना आवागमन करने वाले नागरिकों को भारी परेशानी होती है। ऐसे में यहां ओवरब्रिज और अंडरब्रिज की आवश्यकता को नकारा नहीं जा सकता।

लेकिन शहर के लोगों का सवाल है कि क्या इस समस्या का समाधान केवल ओवरब्रिज निर्माण से ही संभव है? स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि अंडरब्रिज को प्राथमिकता देकर विकसित किया जाता तो आवागमन की समस्या का बड़ा हिस्सा हल हो सकता था। वहीं ओवरब्रिज बनने के बाद यातायात का दबाव किस तरह संभाला जाएगा, यह भी एक महत्वपूर्ण सवाल है।

तिल्दा शहर में वर्षों से बायपास सड़क की मांग उठती रही है। वर्तमान में भारी वाहनों सहित हजारों वाहन इसी मार्ग से गुजरते हैं। कांग्रेस जिला कोषाध्यक्ष मोती हिंदुजा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष आदित्य शर्मा ने कहा कि शहर के नागरिक लंबे समय से बायपास की मांग कर रहे हैं, लेकिन इस दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई। उनका कहना है कि ओवरब्रिज और अंडरब्रिज का संपर्क भी इसी सड़क से होने पर यातायात का दबाव और बढ़ सकता है।

अब सबसे बड़ा सवाल—कब बनेगा ब्रिज और बेघर परिवारों का क्या होगा?

फिलहाल बुधवार को कृष्णा कॉलोनी से दीनदयाल चौक तक प्रस्तावित निर्माण की राह में आने वाले मकानों और दुकानों को हटाने की कार्रवाई कर दी गई है। सड़क किनारे अब टूटे मकानों का मलबा और बेघर परिवारों की पीड़ा दिखाई दे रही है।

रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ब्रिज निर्माण निश्चित रूप से एक महत्वपूर्ण परियोजना है, लेकिन इसके साथ प्रभावित परिवारों के मुआवजे, पुनर्वास और शहर की यातायात व्यवस्था का समाधान भी उतना ही जरूरी है।

अब सवाल सिर्फ यह नहीं है कि 55 करोड़ की परियोजना कितने समय में पूरी होगी, बल्कि यह भी है कि जिन सात परिवारों के घर पूरी तरह उजड़ गए और जिन दर्जनों परिवारों के मकान आधे रह गए, उनके जीवन को दोबारा पटरी पर लाने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? विकास की सड़क तभी सार्थक होगी, जब उस पर आगे बढ़ते हुए किसी के सिर से छत छिनने के दर्द का भी जवाब दिया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments