Homeछत्तीसगढ़रायपुर में नवजात खरीद-फरोख्त गिरोह का खौफनाक चेहरा उजागर, 15 साल की...

रायपुर में नवजात खरीद-फरोख्त गिरोह का खौफनाक चेहरा उजागर, 15 साल की किशोरी को कागजों में बना दिया 21 साल की महिला

फर्जी आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र के सहारे कराया प्रसव, IVF सेंटर की नर्स कृतिका साहू निकली गिरोह की अहम कड़ी, डॉक्टर समेत सात आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस अवैध कारोबार की परतें खुलती जा रही हैं। अब इस पूरे मामले में ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने अस्पतालों की कार्यप्रणाली, सरकारी दस्तावेजों की विश्वसनीयता और मासूम बच्चों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गिरोह ने महज 15 साल की एक किशोरी को सरकारी दस्तावेजों में 21 वर्ष की वयस्क महिला दर्शा दिया। इसके लिए कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड में उम्र बढ़ाई गई और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया। इसके बाद रायपुर के निजी अस्पताल में उसका प्रसव कराया गया।

मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में IVF सेंटर में नर्स के रूप में काम करने वाली कृतिका साहू की भूमिका सामने आई है। पुलिस की जांच के मुताबिक, कृतिका ने न केवल किशोरी की डिलीवरी कराने में अहम भूमिका निभाई, बल्कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क में भी उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी।

ओडिशा से रायपुर लाई गई थी किशोरी

रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित किशोरी मूल रूप से ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की रहने वाली है। गिरोह के लोगों ने उसकी वास्तविक उम्र छिपाने के लिए आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर 21 वर्ष दर्शाई थी। इसके साथ ही फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी तैयार कराया गया।

जब पुलिस को किशोरी की कम उम्र होने का संदेह हुआ तो जांच टीम ओडिशा के सुंदरगढ़ पहुंची। वहां स्कूल के रिकॉर्ड खंगालने पर उसकी वास्तविक उम्र 15 वर्ष निकली। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।

IVF सेंटर की नर्स कैसे बनी गिरोह की अहम कड़ी?

जांच में सामने आया है कि आरोपी कृतिका साहू रायपुर के एक IVF सेंटर में नर्स के रूप में काम करती थी। पुलिस के अनुसार, वह वहां आने वाले निःसंतान दंपतियों की जानकारी और संपर्क संबंधी विवरण गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचाती थी।

बताया गया है कि कृतिका के घर काम करने वाली महिला ने उसे किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी दी थी। इसके बाद किशोरी और उसके पति को कानूनी कार्रवाई का डर दिखाया गया और प्रसव के लिए रायपुर लाया गया।पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि IVF सेंटर में आने वाले निःसंतान दंपतियों को किस तरह इस नेटवर्क से जोड़ा जाता था और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका थी।

सड़क पर विवाद से खुला नवजातों की खरीद-बिक्री का राज

इस पूरे मामले का खुलासा 15 नवंबर को हुआ, जब नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों के बीच पैसों के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया। पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और संदिग्धों को थाने ले गई। इसके बाद पीड़ित किशोरी की शिकायत और पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि किशोरी ने 4 नवंबर को रायपुर के गुढ़ियारी स्थित दिवाकर अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को गोगांव स्थित एक महिला के घर पर रखा गया था। आरोप है कि नवजात को पैसे लेकर दूसरे लोगों को सौंपने की तैयारी थी।

डॉक्टर समेत सात आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव, गीतिका नाग, डॉ. खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव, अश्वनी शर्मा और जितेंद्र खेतान शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की भूमिका अलग-अलग थी। कोई गर्भवती महिलाओं की तलाश करता था, कोई अस्पताल में दस्तावेज तैयार करवाता था तो कोई नवजात बच्चों के सौदे और पैसों के लेन-देन में शामिल था।

जांच में यह भी सामने आया कि दिवाकर अस्पताल में वर्ष 2026 के दौरान केवल तीन प्रसव दर्ज होने के बावजूद 26 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए थे। पुलिस ने अस्पताल से संबंधित रिकॉर्ड और दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

एक बच्ची बरामद, नेटवर्क की जांच जारी

इस मामले में पुलिस ने एक नवजात बच्ची को कथित खरीदार जितेंद्र खेतान के कब्जे से बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची को कृतिका साहू के माध्यम से जितेंद्र तक पहुंचाया गया था। बच्ची को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर संरक्षण के लिए मातृछाया भेजा गया।

अब पुलिस की जांच केवल रायपुर तक सीमित नहीं है। गिरोह के अन्य संपर्कों, संभावित खरीदारों, अस्पतालों और दूसरे राज्यों में फैले नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के इस मामले ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर मासूम बच्चों के सौदों का खेल कब से चल रहा था और इसके पीछे कितने लोग शामिल हैं

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments