तिल्दा-नेवरा
तिल्दा-नेवरा।भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा का रविवार को तिल्दा आगमन ऐतिहासिक और उत्सवमय माहौल में हुआ। नगर द्वार पर पारंपरिक गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और जोश से भरे स्वागत ने पूरे शहर को राजनीतिक ऊर्जा और उत्साह से भर दिया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा तिल्दा मानो उत्सव नगरी में तब्दील हो गया।
सिंधी कैम्प पहुंचते ही आतिशबाजी के साथ जोरदार स्वागत किया गया। यहां से उनका काफिला और विशाल हो गया, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल होते चले गए। तिल्दा ब्लॉक के तरशिव से निकली बाइक रैली ने पूरे मार्ग को जनसमर्थन की झलक से भर दिया। खुली जीप में सवार सांसद का काफिला शहर में प्रवेश करते ही आकर्षण का केंद्र बन गया। इस दौरान भाजपा रायपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग एवं भाजपा नेत्री अदिति बघमार सहित कई वरिष्ठ नेता साथ मौजूद रहे।

नगर द्वार से लेकर विभिन्न चौक-चौराहों तक स्वागत का सिलसिला लगातार जारी रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह इस कदर था कि हर स्थान पर फूलों की वर्षा और जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
गांधी चौक में रैली का समापन एक विशाल जनसभा में हुआ, जहां सांसद लक्ष्मी वर्मा का भावपूर्ण स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने आत्मीयता और विनम्रता के साथ कहा—
“मैं इस क्षेत्र की बेटी हूं। आप सभी ने जो प्यार, सम्मान और स्नेह दिया है, वह मेरे लिए सौभाग्य के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। मैं इस पद को सत्ता नहीं, सेवा का माध्यम मानती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका राजनीति में यह मुकाम जनता और कार्यकर्ताओं के विश्वास का परिणाम है।
“मैं कोई बड़ी नहीं बनी हूं, बल्कि आप सभी के आशीर्वाद से इस जिम्मेदारी तक पहुंची हूं। मैं हर सुख-दुख में आपके साथ खड़ी रहूंगी और क्षेत्र के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दूंगी।”
उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और समाज के सर्वांगीण विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि तिल्दा-नेवरा क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगी।
“आपने जो अपनापन दिया है, उसे जीवनभर नहीं भूलूंगी। यह सम्मान मुझे और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।”

इस अवसर पर भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्याम नारंग ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां समर्पण और मेहनत का सम्मान होता है। उन्होंने लक्ष्मी वर्मा के राजनीतिक सफर को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि एक पार्षद से राज्यसभा सांसद तक का उनका सफर कार्यकर्ताओं के लिए मिसाल है।
कार्यक्रम को प्रमोद शर्मा ने भी संबोधित किया, जबकि संचालन दीपक शर्मा ने किया। मंच पर अदिति बघमार,राम पंजवानी, स्वाती वर्मा सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।रैली और सभा में दीपक शर्मा, द्वारिका वर्मा, नेम सिंह बघमार, अनुपम अग्रवाल, वीरेंद्र वर्मा, राजेश बंछोर, नरसिंह वर्मा, अंकुर बघमार, लक्ष्मीचंद नागवानी, कृष्ण शर्मा, अनुशर्मा, रानी सौरभ जैन, चंद्रकांत पाटील, यशवंत वर्मा, संतोष साहू नरेंद्र शर्मा , सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताशामिल थे .


