तिल्दा-नेवरा
प्रदेश के साथ तिल्दा-नेवरा शहर में भी मौसम के तेवर लगातार तल्ख बने हुए हैं। सोमवार को तिल्दा-नेवरा में कुदरत के चार अलग-अलग रंग देखने को मिले, जिससे जनजीवन प्रभावित रहा।
सुबह की शुरुआत बादलों से घिरे आसमान के साथ हुई। लोगों को उम्मीद थी कि दिनभर गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन दोपहर होते-होते सूरज ने तेवर दिखाए और तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को घरों में कैद रहने पर मजबूर कर दिया।

दोपहर की तपिश के बाद शाम को मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए, तेज हवाएं चलीं और करीब 20 मिनट तक हल्की से मध्यम बारिश हुई। बारिश से कुछ देर के लिए गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन इसके बाद उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। रात करीब 8:30 बजे एक बार फिर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। हालांकि बारिश के बाद हवाओं में थोड़ी ठंडक आई, लेकिन जमीन की गर्मी के कारण उमस बढ़ गई और लोग पसीने से तरबतर नजर आए। पिछले चार-पांच दिनों से तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच बना हुआ है। वहीं रात का तापमान भी 28 से 29 डिग्री दर्ज किया जा रहा है, जिससे राहत नहीं मिल पा रही।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. आशीष सिंह के अनुसार, गर्मी के चलते मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और पर्याप्त पानी पीते रहें।
मौसम विभाग ने भी संकेत दिए हैं कि बुधवार तक हीट वेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है।समाचार लिखे जाने तक आसमान में बादल छाए हुए थे और रुक-रुक कर गरज के साथ मौसम बदलता नजर आ रहा था।

