देश विदेश

50 लाख कीमत वाला सोने का अंडरवियर, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर दुबई आया शख्स गिरफ्तार

अहमदाबाद : गुजरात के अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग की एयर इंटेलिजेंट यूनिट ने एक अंडरवियर जब्त की है। आप सोच रहे होंगे कि अंडरवियर? जी हां, यह अंडरवियर दिखने में तो साधारण था लेकिन इसकी वास्तविक कीमत 50 लाख रुपये की निकली। दरअसल जिस शख्स के पास से यह अंडरवियर मिला है, वह दुबई से लौटा था। खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ा उसे पकड़ा गया था।

कस्टम विभाग के एक अफसर ने बताया कि शख्स अपने अंडरवियर में 601.9 ग्राम 24 कैरेट सोना छिपाकर तस्करी करने की कोशिश कर रहा था। जब्त किए गए सोने का बाजार मूल्य 96.06 लाख रुपये था।अधिकारियों ने बताया कि कुल मात्रा में से लगभग 278 ग्राम यानी लगभग आधा सोना उस व्यक्ति के अंडरवियर में सोने के पेस्ट के रूप में छिपा हुआ पाया गया। सीमा शुल्क अधिकारियों ने बताया कि यात्री को पकड़ लिया गया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

सीमा शुल्क विभाग द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, यात्रियों की प्रोफाइलिंग के माध्यम से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर, अहमदाबाद सीमा शुल्क की एआईयू के अधिकारियों ने एक निजी एयरलाइन से दुबई से आए एक पुरुष यात्री को रोका। जांच करने पर, यात्री के पर्स के अंदर दो सोने की छड़ें और एक तराशी हुई सोने की छड़ पाई गई, जिनका वजन 324.14 ग्राम और शुद्धता 999.0 (24 कैरेट) थी, और जिनका बाजार मूल्य 51.73 लाख रुपये था।

आगे की जांच में यात्री के अंडरवियर में छिपा हुआ सोना पेस्ट के रूप में मिला। जांच करने पर 277.8 ग्राम सोना बरामद हुआ, जिसकी शुद्धता 999.0 (24 कैरेट) थी और बाजार मूल्य 44.33 लाख रुपये था। सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत जब्त किया गया।

घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों ने बताया कि अंडरवियर के सूती कपड़े के बीच एक रबर जैसा लचीला पदार्थ छिपाया गया था। परतों के बीच सोने के पेस्ट को बहुत बारीक तरीके से दबाकर एक परत जैसा बनाया गया था। कुल मिलाकर अंडरवियर का वजन लगभग 525 ग्राम था। भारत लौटते समय चेक प्वाइंट को चकमा देने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल किया गया था। यह पूरी तरह से संभव है कि सोना किसी गिरोह द्वारा भेजा गया हो। भेजने वाले और प्राप्त करने वाले की आगे की जांच जारी है।

पिछले एक महीने में शहर के हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी का यह तीसरा मामला है जिसका भंडाफोड़ हुआ है। जांचकर्ताओं ने बताया कि एक मामले में तीन महिलाओं को जिरकोनियम से मढ़ी सोने की चेन की तस्करी करते हुए पकड़ा गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button