छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री राम विचार नेताम को कोरबा में महिलाओं ने बंधक बना लिया है। मंत्री नेताम एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा पहुंचे थे। फ्लोरा मैक्स कंपनी की ठगी से पीड़ित लगभग 500 महिलाएं अपनी मांगों को लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई।
महिलाएं अपनी लंबित समस्याओं और फ्लोर मैक्स प्रकरण से जुड़े मुद्दों को लेकर मंत्री से तुरंत समाधान की मांग करने लगीं। कार्यक्रम स्थल पर महिलाएं मंत्री से बात करने की जिद पर अड़ गईं
मंत्री के काफिले को महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल पर ही रोक दिया। महिलाओं का कहना है कि जब तक उनकी समस्याओं का हल नहीं निकलता, वे मंत्री को यहां से जाने नहीं देंगी।
आक्रोशित महिलाओं ने SP ऑफिस, कलेक्टर कार्यालय और सिविल थाने से महज 400 मीटर की दूरी पर घेरा है। मंत्री को घेरते ही SP सिद्धार्थ तिवारी और कलेक्टर अजित वसंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। करीब 1 घंटे से घेरकर रखा है।
दरअसल, 2022 में फ्लोरा मैक्स कंपनी ने महिला समूह के सदस्यों को बैंक से लुभावने बिजनेस लोन दिलाया। कंपनी ने वादा किया था कि लोन की किस्तें वह खुद जमा करेगी, लेकिन कुछ समय बाद में कंपनी ने लोन की किस्तें देना बंद कर दिया।
इसी बीच कंपनी से जुड़े कुछ लोग करोड़ों रुपए लेकर फरार हो गए। कंपनी भी बंद कर दी गई। अब बैंक वाले महिलाओं से कर्ज की वसूली के लिए दबाव बना रहे हैं, जिससे परेशान होकर वह लगातार चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रही हैं।
पीड़ित महिलाओं ने पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों कंपनी में निवेश के लिए प्रोत्साहित किया था, लेकिन कंपनी में ठगी की। वे बैंक की कर्जदार बन गई हैं, तो कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा है।
करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में कंपनी के मुख्य आरोपी जेल में बंद हैं। महिलाएं लोन माफी की मांग पर अड़ी हुई हैं। स्पष्ट कर चुकी हैं कि जब तक उनका लोन माफ नहीं होता, उनका आंदोलन करती रहेंगी।