छत्तीसगढ़

घर में घुसकर 2 बदमाशों ने महिला को मारी गोली:पानी मांगने के बहाने पहुंचे थे आरोपी.महिला की हालत गंभीर

छ.ग. के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर(MCB) जिले में अज्ञात हमलावरों ने 50 साल की महिला के सीने में गोली मार दी। महिला शाम को घर में अकेली थी। 2 युवकों ने फायरिंग की और फरार हो गए। महिला को घायल हालत में मनेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मामला मनेंद्रगढ़ से करीब 10 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत सिरौली का है। यहां वार्ड-9 में कुंती अगरिया के घर शाम करीब 6.30 बजे 2 युवक पहुंचे और पीने के लिए पानी मांगा। महिला जैसे ही पानी लेकर लौटी तो दो युवकों में से एक ने कट्टे से फायर कर दिया।

भाग निकले युवक, महिला गंभीर
बताया जा रहा है कि महिला गोली लगने से जमीन पर गिर गई। जब कुंती की बेटी कुछ देर बाद घर पहुंची तो उसने घर को अस्त-व्यस्त देखा। मां को आवाज लगाई तो मां अंदर के कमरे में थी। उसने बेटी को बताया कि उसे अज्ञात लोगों ने गोली मारी है।

घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया है। डॉक्टर के मुताबिक,गोली महिला के सीने में दाएं हिस्से में लगी है।दूर से फायरिंग के कारण गोली अंदर पसली की हड्डी में फंस गई,खून ज्यादा बहने से हालत गंभीर बनी हुई है।

पति के स्थान पर मिली है अनुकंपा नियुक्ति
घायल कुंती अगरिया के पति राम रूचि शिक्षाकर्मी से शिक्षक बने थे। उनकी मौत के बाद कुंती अगरिया को चपरासी के पद पर अनुकंपा नियुक्ति मिली है। घटना की सूचना पर एमसीबी एएसपी मिमेश बरैया, थाना प्रभारी अमित कौशिक की टीम घटनास्थल पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button