तिल्दा-नेवरा-बलौदाबाजार विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड तिल्दा अंतर्गत ग्राम टंडवा में मंगलवार को विकास का नया अध्याय लिखा गया। छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक टंक राम वर्मा ने लगभग ₹8.47 करोड़ (करीब ₹9 करोड़) की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत रायपुर के अध्यक्ष नवीन अग्रवाल ने की।समारोह में ग्रामीणों ने मंत्री टंक राम वर्मा का बाजे गाजे के साथ धान एवं मिठाइयों से पारंपरिक तुलादान कर आत्मीय स्वागत किया। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, उल्लास और विकास की उम्मीदों का माहौल देखने को मिला।
“विष्णु देव सरकार बनने के बाद गांव-गांव तक पहुंच रहा विकास”
अपने संबोधन में मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि “जब से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार बनी है, तब से शहरों के साथ-साथ गांवों में भी विकास की गंगा बह रही है। हमारी सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि धरातल पर विकास कार्यों को मूर्त रूप देती है।”
उन्होंने कहा कि आज जिस टंडवा-बैकुंठ सड़क का भूमिपूजन हुआ है, वह क्षेत्र की लगभग 60 वर्ष पुरानी मांग थी। इस सड़क के निर्माण से किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में राहत मिलेगी और ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। यह सड़क क्षेत्र की सामाजिक और आर्थिक प्रगति का नया द्वार साबित होगी।

2018 में मिली थी स्वीकृति, कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
मंत्री वर्मा ने अपने भाषण में कहा कि इस सड़क की मांग वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री राजेश मूणत द्वारा स्वीकृत की गई थी। लेकिन इसके बाद कांग्रेस सरकार ने इस परियोजना पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया, जिसके कारण स्वीकृति मिलने के बावजूद सड़क निर्माण वर्षों तक शुरू नहीं हो सका।
उन्होंने कहा कि वर्तमान विष्णु देव साय सरकार ने इस लंबित मांग को प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्य को गति दी है, ताकि क्षेत्र की जनता को वर्षों से प्रतीक्षित बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
विद्यार्थियों को मिली शिक्षा की सौगात
कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को कॉपी, पुस्तकें, गणवेश एवं साइकिलों का वितरण किया। शैक्षणिक सामग्री और साइकिल पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी।
इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन एवं लोकार्पण
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंडवा से बैकुंठ मार्ग (2.65 किमी) – ₹3.87 करोड़,,टंडवा देहानपारा से झोपड़ापारा-बैकुंठ मार्ग (2.675 किमी) – ₹4.44 शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टंडवा में ₹10 लाख की लागत से निर्मित पोर्च का लोकार्पण..₹5 लाख की लागत से बने साइकिल स्टैंड का लोकार्पण,लगभग ₹60 लाख के अतिरिक्त विकास कार्य प्रगति पर
सरपंच ने जताया आभार,
टंडवा सरपंच योगिता कृष्ण कुमार वर्मा ने मंत्री के द्वारा गांव को दी गई सौगात पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आजादी के बाद से आज तक टंडवा गांव में 9 करोड़ के विकास कार्य नहीं कराए गए हैं. उन्होंने कहा कि सड़क की मांग काफी पुरानी थी ग्रामीण बारिश में दलदल से होकर गुजरते थे, लेकिन जल्द ही अब अच्छी सड़क बन जाएगी..
कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि कृष्ण कुमार वर्मा ,पूर्व सरपंच फुल केसरी सोनवानी, पूर्व सरपंच कृष्ण वर्मा. पूर्व सरपंच पुष्प लता नायक, भाजपा नेता लख्मीचंद नागवानी ,कुंदरु के सरपंच भाजपा नेता यशवंत वर्मा भाजपा के शहर एवं ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष मनोज निषाद ,नर्सिंग वर्मा,जनपद पंचायत तिल्दा के जनप्रतिनिधि, ग्राम पंचायत टंडवा के पदाधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। टंडवा में आयोजित यह कार्यक्रम केवल भूमिपूजन और लोकार्पण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लगभग छह दशक पुरानी सड़क की मांग पूरी होने की खुशी, शिक्षा को मिली नई सौगात और क्षेत्र के विकास के प्रति लोगों के बढ़ते विश्वास का उत्सव बन गया।

