Homeछत्तीसगढ़शाह ने 112 के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाई,,रायपुर में कार्यक्रम...

शाह ने 112 के 400 वाहनों को हरी झंडी दिखाई,,रायपुर में कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री रजगदलपुर के लिए रवाना

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रायपुर के माना स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (PTS) में डायल 112 के 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वे अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रविवार रात ही रायपुर पहुंचे हैं।

रायपुर के इस कार्यक्रम के तुरंत बाद अमित शाह बस्तर (जगदलपुर) के लिए रवाना हो गए हैं। जगदलपुर पहुंचने पर वे सबसे पहले अमर वाटिका जाकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे।

इसके बाद वे सीधे वीर शहीद गुंडाधुर के गांव नेतानार पहुंचेंगे, जहां जन सुविधा केंद्र की शुरुआत करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में वे जगदलपुर में ही मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होकर विकास कार्यों पर चर्चा करेंगे।

डायल 112 सेवा का विस्तार राज्य सरकार की उन बड़ी योजनाओं में शामिल है, जिसके जरिए पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा के मुताबिक, अभी तक सिर्फ 16 जिलों तक सीमित रहने वाली इस सेवा को अब पूरे छत्तीसगढ़ में लागू किया जा रहा है।

इस नई व्यवस्था के तहत प्रदेश के सभी थानों को डायल-112 से जोड़ा जाएगा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में आम जनता तक पुलिस सहायता पहले की तुलना में ज्यादा तेज और प्रभावी ढंग से पहुंच सके।

राज्य सरकार इस दौरे के दौरान अपराध जांच सिस्टम को तकनीकी रूप से मजबूत करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाने जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स रवाना की जाएंगी।इन विशेष वाहनों में आधुनिक फॉरेंसिक उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी मदद से घटनास्थल पर ही शुरुआती वैज्ञानिक जांच संभव हो सकेगी। इससे अपराधों की विवेचना में तेजी आएगी और जांच की गुणवत्ता भी बेहतर होगी।

केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के इससे पहले के बस्तर दौरे की तस्वीरें।

रायपुर में कार्यक्रम के बाद केंद्रीय गृहमंत्री सुबह जगदलपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वे करीब 11:50 बजे दंतेश्वरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे बीएसएफ हेलीकॉप्टर के जरिए बस्तर जिले के नेतानार पहुंचेंगे।

नेतानार में दोपहर 12:20 बजे से 12:50 बजे तक जन सुविधा केंद्र के उद्घाटन का कार्यक्रम निर्धारित है। माना जा रहा है कि यह केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को प्रशासनिक और सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा।

बस्तर क्षेत्र लंबे समय से सुरक्षा चुनौतियों और विकास की जरूरतों के बीच संतुलन की चर्चा का केंद्र रहा है। ऐसे में शाह का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अमर वाटिका में शहीद जवानों को देंगे श्रद्धांजलि

नेतानार कार्यक्रम के बाद अमित शाह दोपहर करीब 1:25 बजे जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचेंगे। यहां वे शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

बस्तर क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान कई जवानों ने अपनी जान गंवाई है। ऐसे में अमर वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम को सुरक्षाबलों के मनोबल से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

बादल एकेडमी में होगी विकास और सुरक्षा पर चर्चा

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद अमित शाह जगदलपुर के एक निजी होटल पहुंचेंगे, जहां दोपहर भोजन के बाद बैठकों का दौर शुरू होगा।

दोपहर 2:35 बजे से वे बादल एकेडमी में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा करेंगे। इस दौरान बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, सुरक्षा अभियानों और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा की जाएगी।

इसके बाद होटल ग्रैंड एम्बिशन में अलग-अलग विभागों की ओर से प्रेजेंटेशन भी दिए जाएंगे। माना जा रहा है कि इन प्रस्तुतियों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, सुरक्षा और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हो सकती है।

भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात और लोक संस्कृति कार्यक्रम

शाम के समय अमित शाह भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे फिर से बादल अकादमी पहुंचेंगे, जहां ‘बस्तर के संग’ नाम से आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

इस कार्यक्रम में बस्तर की पारंपरिक लोक कला, नृत्य और संस्कृति की झलक पेश की जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ रात्रि भोज का आयोजन भी रखा गया है। इसके बाद शाह जगदलपुर में ही रात्रि विश्राम करेंगे।

कल मध्य क्षेत्रीय परिषद की अहम बैठक

दौरे के तीसरे दिन यानी 19 मई मंगलवार को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। इसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे।

इस बैठक में 4 राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अंतरराज्यीय समन्वय, क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा व्यवस्था, नक्सल प्रभावित इलाकों की स्थिति और प्रशासनिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

 

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments