Homeछत्तीसगढ़मेहनत की उड़ान, तिल्दा की बेटी ने रचा सफलता का नया अध्याय

मेहनत की उड़ान, तिल्दा की बेटी ने रचा सफलता का नया अध्याय

CS की प्रतिष्ठित परीक्षा पास कर चाहत विरानी ने बढ़ाया तिल्दा-नेवरा का मान

तिल्दा-नेवरा।नगर की होनहार बेटी चाहत विरानी, पिता श्री गोपीचंद विरानी, ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर कंपनी सेक्रेटरी (CS) की प्रतिष्ठित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। चाहत की इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं तिल्दा-नेवरा क्षेत्र भी उनकी उपलब्धि पर गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
छोटे शहर से निकलकर प्रोफेशनल क्षेत्र की कठिन परीक्षा में सफलता हासिल करना चाहत की मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। लगातार अध्ययन और अनुशासन के साथ तैयारी करते हुए उन्होंने अपने सपने को सफलता में बदल दिया।

सामाजिक सेवा से जुड़ा है परिवार
चाहत विरानी का परिवार सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखता है। उनके दादा खेमचंद विरानी स्थानीय शारदा शिशु मंदिर के डायरेक्टर रह चुके हैं। इसके साथ ही वे सिंधी पंचायत के वरिष्ठ पदों पर रहते हुए समाजसेवा से जुड़े रहे हैं। वहीं चाहत के पिता गोपीचंद विरानी जनरल दुकान का व्यवसाय करते हैं। उनके छोटे दादा हरीश विरानी पेशे से डॉक्टर हैं।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि चाहत शुरू से ही मेधावी और पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं। उनकी मेहनत और लगन को देखते हुए परिवार को हमेशा विश्वास था कि वह एक दिन बड़ी सफलता हासिल करेंगी। प्रतिष्ठित कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा में चाहत के सफल होने पर परिवार में खुशी का माहौल है।

“चाहत शुरू से ही मेधावी रही है”

चाहत के छोटे दादा एवं चिकित्सक हरीश विरानी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि चाहत बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी रही है। उसने अपने लक्ष्य को लेकर हमेशा गंभीरता दिखाई और मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया। प्रतिष्ठित परीक्षा को सफलतापूर्वक पास करने पर पूरा परिवार बेहद खुश और गौरवान्वित है।

बेटियों के लिए बनीं मिसाल

चाहत विरानी की सफलता सिर्फ उनके परिवार की खुशी नहीं, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए भी प्रेरणा है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सपने बड़े हों, लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत लगातार जारी रहे, तो सफलता की राह जरूर खुलती है।

पूरी मेहनत करें—सफलता जरूर मिलेगी:चाहत

चाहत  का कहना है सफलता एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं होती। अपने लक्ष्य पर विश्वास रखिए, लगातार मेहनत करते रहिए और असफलताओं से घबराइए मत। बेटियां अपने सपनों को छोटा न समझें, आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें और पूरी मेहनत करें—सफलता जरूर मिलेगी।”

तिल्दा-नेवरा का बढ़ाया मान

चाहत की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रवासियों ने भी उनकी उपलब्धि को तिल्दा-नेवरा के लिए गौरव का क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल करियर की कामना की।
चाहत विरानी की यह उपलब्धि उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो छोटे शहरों से बड़े सपने देखते हैं। मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वालों के लिए सफलता की कोई सीमा नहीं होती। VCN  टाइम्स इंदर कोटवानी …..

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments