रायपुर। भारतमाला प्रोजेक्ट में अधिग्रहित अपनी 37 डिसमिल जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर एक युवक मवेशियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंच गया। युवक ने कलेक्टर के गेट पर मवेशियों को बांधकर अपना विरोध जताया और मुआवजा दिलाने की मांग की।
युवक का कहना है कि जमीन अधिग्रहण के बाद से वह मुआवजे के लिए पिछले एक साल से अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसे राहत नहीं मिली है। लंबे समय से कार्रवाई का इंतजार कर रहे युवक ने अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने के लिए यह कदम उठाया।
घटना ने जमीन अधिग्रहण के बाद मुआवजे के भुगतान और प्रभावितों की समस्याओं के निराकरण को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन युवक की शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और उसे मुआवजा कब तक मिल पाता है।

