समाचार 2प्लांट कर्मियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ
तिल्दा नेवर।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के सहयोग से चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत तिल्दा नेवरा क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में नशामुक्ति एवं तनाव प्रबंधन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत देशभर में 10 करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
इसी कड़ी में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड, सरोरा-तिल्दा नेवरा, महेंद्र स्पंज एंड पावर लिमिटेड, परसदा तथा हाइटेक पावर एंड स्टील, परसदा में कार्यक्रम आयोजित कर प्लांट के अधिकारियों, कर्मचारियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। संभव स्टील ट्यूब्स में कार्यक्रम का आयोजन रोटरी क्लब ऑफ रायपुर क्वींस के सौजन्य से किया गया। ब्रह्माकुमारी तिल्दा नेवरा की बहन प्रियंका ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को तंबाकू, शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान के प्रति जागरूक करना है। साथ ही कार्यस्थल पर तनाव कम करने और मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास भी कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों एवं युवाओं ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने की शपथ ली। वक्ताओं ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं और औद्योगिक संस्थानों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सीएसआर हेड शीतल गोयल, केएमजीके मूर्ति, चिरंजीत राय, धनेश साहू, धर्मेश वैश्य, गुलाब साहू, धर्मेश नायक, सुचिता जैन, मनीष सिन्हा, जितेंद्र सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं महेंद्र स्पंज एंड पावर लिमिटेड से श्रीनिवास-वसु, अरुण कुमार पांडे, मोहंती, हितेश शाह तथा हाइटेक पावर एंड स्टील से भूपेंद्र धुसिया, कलीराम मधुकर, डिकेश वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

