Homeछत्तीसगढ़बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, 3 मजदूरों की मौत; 7 घायल

बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा, 3 मजदूरों की मौत; 7 घायल

बलरामपुर-छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में देर रात मजदूरों से भरी तेज रफ्तार पिकअप बाक्साइट लोड ट्रक से टकरा गई। हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 7 गंभीर रूप से घायल हैं।हादसा रात करीब 2 बजे राजपुर-कुसमी मार्ग पर सेवारी के पास हुआ। सूरजपुर जिले के 10 मजदूर पिकअप में सवार होकर टमाटर की खेती के काम से शंकरगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप की बाक्साइट लोड ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप बुरी तरह डैमेज हो गई और उसमें सवार सभी 10 मजदूर घायल हो गए। इनमें 3 की मौके पर मौत हो गई, जबकि 7 की हालत गंभीर है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना राजपुर थाना क्षेत्र की है।

घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। अस्पताल में जांच के बाद तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया गया।

तीनों के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, सात अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मृतक मजदूरों में रान साय (34), उदय कुमार (25) और अमर साय (35) शामिल हैं।

वहीं, घायलों में देव कुमार (34), भानू (32), अमर साय (40), लक्ष्मण (30), अजय कुमार (40), राय सिंह (38) और प्रदीप (34) शामिल हैं। सभी को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे करवाकर यातायात बहाल कराया।

राजपुर थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि सभी मजदूर सूरजपुर जिले के ग्राम नरोला के रहने वाले हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई थी। मृतकों के परिजन सुबह राजपुर पहुंचे।अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों में कम से कम चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का इलाज जारी है।

मालवाहक वाहनों में लोगों के परिवहन पर प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद मजदूरों को मालवाहकों में बैठाकर ले जाने का सिलसिला जारी है। इससे हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। खेती-किसानी के काम के लिए मजदूरों को अक्सर मालवाहक वाहनों से ही ले जाया जाता है।करीब एक माह पहले बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में मजदूरों से भरी पिकअप पलट गई थी। हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई थी। सभी मजदूर रोपा लगाने के बाद वापस लौट रहे थे।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments