Homeछत्तीसगढ़प्रशिक्षणार्थियों का मिलन समारोह

प्रशिक्षणार्थियों का मिलन समारोह

रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों की दी जानकारी, सफल पूर्व प्रशिक्षणार्थियों का हुआ सम्मान

तिल्दा-नेवरा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, तिल्दा-नेवरा में मंगलवार को पूर्व प्रशिक्षणार्थियों का मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह का मुख्य उद्देश्य संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार से जुड़े पूर्व प्रशिक्षणार्थियों को एक मंच पर लाना, उनके अनुभव वर्तमान प्रशिक्षणार्थियों तक पहुंचाना तथा युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, तिल्दा-नेवरा के शाखा प्रबंधक रामेंद्र गोस्वामी ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार, व्यवसाय एवं नए उद्यम शुरू करने के लिए बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली ऋण सुविधाओं और वित्तीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने हुनर और रुचि के अनुरूप स्वयं का व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी कदम बढ़ाना चाहिए।

कुत्ते के काटने से बचाव और रेबीज को लेकर जागरूकता

समारोह के दौरान आवारा कुत्तों के काटने से बचाव एवं रेबीज की रोकथाम को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिल्दा-नेवरा से डॉ. आशीष खारसन एवं डॉ. रीना परिहार स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ उपस्थित रहे। चिकित्सकों ने प्रशिक्षणार्थियों को कुत्ते के काटने की स्थिति में तत्काल किए जाने वाले प्राथमिक उपचार, घाव को अच्छी तरह साफ करने, समय पर रेबीज रोधी टीका लगवाने तथा चिकित्सकीय सलाह लेने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। साथ ही आवारा कुत्तों से सुरक्षित रहने के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।

रोजगार मेले में सहभागिता के लिए किया प्रेरित

जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर से उषा साहू भी कार्यक्रम में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को रोजगार मेले के माध्यम से उपलब्ध होने वाले रोजगार अवसरों की जानकारी दी। साथ ही युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता और तकनीकी कौशल के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने के लिए आवश्यक तैयारी, मार्गदर्शन एवं परामर्श के बारे में बताया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से रोजगार मेलों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।

सफल पूर्व प्रशिक्षणार्थियों का सम्मान

समारोह का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण संस्था के उन पूर्व प्रशिक्षणार्थियों का सम्मान रहा, जिन्होंने यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। रोजगार एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे पूर्व प्रशिक्षणार्थियों को सम्मानित कर उनके अनुभव वर्तमान विद्यार्थियों के साथ साझा किए गए। इससे प्रशिक्षण ले रहे युवाओं को अपने भविष्य के प्रति नई दिशा और प्रेरणा मिली।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं सम्मानित पूर्व प्रशिक्षणार्थियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। संस्था प्रमुख एवं प्रभारी प्राचार्य पंकज यादव ने सभी अतिथियों, पूर्व प्रशिक्षणार्थियों, प्रशिक्षण अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।

समारोह में संस्था के प्रशिक्षण अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन ने विद्यार्थियों को यह संदेश दिया कि तकनीकी प्रशिक्षण केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं, बल्कि अपने कौशल के दम पर रोजगार देने वाला बनने और आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ने का मजबूत आधार भी है।

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments