Homeछत्तीसगढ़दुर्ग स्कूल के छात्रों तक पहुंचीं नशे की गोलियां:संदिग्ध गोलियां खाने से...

दुर्ग स्कूल के छात्रों तक पहुंचीं नशे की गोलियां:संदिग्ध गोलियां खाने से 4 छात्र अस्पताल में भर्ती

 दुर्ग -दुर्ग जिले के पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्च माध्यमिक विद्यालय के चार छात्रों को संदिग्ध नशीली गोलियां खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छात्रों की हालत में सुधार बताया जा रहा है। घटना के बाद पुलिस, शिक्षा विभाग और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

16 जुलाई की दोपहर एक छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। अगले दो दिनों में तीन अन्य छात्रों की भी तबीयत खराब हुई। जांच में सामने आया कि सभी ने एक जैसी गोलियां खाई थीं।

प्रभारी प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गोलियां स्कूल परिसर के बाहर छात्रों तक पहुंची थीं। स्कूल प्रबंधन को इस घटना की पहले कोई जानकारी नहीं थी। मामले की सूचना तुरंत प्रशासन और पुलिस को दी गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में पूछताछ के दौरान एक छात्र ने अन्य बच्चों को गोलियां देने की बात स्वीकार की। हालांकि, उसने यह नहीं बताया कि गोलियां उसे कहां से मिलीं। उसने मोबाइल में दवा के रैपर की तस्वीर दिखाई, लेकिन सप्लायर की जानकारी नहीं दे सका।

स्कूल प्रबंधन के अनुसार चार छात्र अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें एक छात्र ने चार गोलियां, दूसरे ने दो और तीसरे ने एक गोली खाई थी। सभी का इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

‘सिरदर्द की दवा’ बताकर दी गई गोली

छात्रों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें यह कहकर गोली दी गई थी कि यह सिरदर्द की सामान्य दवा है। उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि यह कथित रूप से नशीली या प्रतिबंधित दवा है।

अभिभावकों ने की नेटवर्क की जांच की मांग

अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन पर कोई आरोप नहीं लगाया। उनका कहना है कि घटना स्कूल के बाहर हुई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि बच्चों तक प्रतिबंधित दवा पहुंचाने वाले पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाए।

चरणदास महंत ने जताई चिंता

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यदि स्कूलों और कॉलेजों तक नशे की सप्लाई पहुंच रही है तो यह समाज के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस प्रतिबंधित दवाओं की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है। अब जांच का मुख्य केंद्र यह है कि छात्रों तक ये गोलियां कैसे पहुंचीं और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं

RELATED ARTICLES

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments